पलवल। कैंप थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी निवासी विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, शशि बाला उर्फ साक्षी ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2025 को अंकित के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने 1.11 लाख रुपये नकद, फ्रिज, कूलर, टीवी, फर्नीचर, सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े सहित अन्य सामान दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद पति अंकित और सास विजय उससे अतिरिक्त रुपये लाने की मांग करते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया था। समझौते के बाद वह दोबारा ससुराल पहुंची, लेकिन कथित प्रताड़ना जारी रही। करवाचौथ का सामान लेकर पहुंचे मायके वालों के साथ भी विवाद हुआ। इसके बाद उसका भाई उसे अपने घर ले गया। महिला सेल में दोनों पक्षों की तीन बार काउंसलिंग कराई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने पति और सास के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद