फरीदाबाद: प्रॉपर्टी डीलर को बंधक बनाकर 1.04 करोड़ की डकैती, मास्टरमाइंड निकला पीड़ित का पड़ोसी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के गांव फतेहपुर तगा निवासी साहुन खान (38), अमरोहा जिले के गांव मढ़ेपुर निवासी हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन (28), गांव डिडौली निवासी मोहम्मद आरिफ (32) और गांव फतेहपुर माफी निवासी मोसीब आलम (30) के रूप में हुई है।
विस्तार
फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव में प्रॉपर्टी डीलर के घर से एक करोड़ चार लाख 80 हजार रुपये की डकैती के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीड़ित का पड़ोसी साहुन खान भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, साहुन ने जमीन बिकने और घर में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी अपने परिचितों को दी थी। पुलिस ने साहुन को फरीदाबाद से, जबकि अन्य 3 आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के समथला से गिरफ्तार किया। अदालत ने चारों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के गांव फतेहपुर तगा निवासी साहुन खान (38), अमरोहा जिले के गांव मढ़ेपुर निवासी हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन (28), गांव डिडौली निवासी मोहम्मद आरिफ (32) और गांव फतेहपुर माफी निवासी मोसीब आलम (30) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, साहुन इस वारदात का मास्टरमाइंड और पीड़ित का पड़ोसी है। पुलिस ने साहुन को फरीदाबाद से, जबकि अन्य तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के समथला से गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने खुलासे में बताया कि मुख्य आरोपी साहुन खान पीड़ित अब्दुल का पड़ोसी है। साहुन को अच्छी तरह पता था कि अब्दुल कदीम ने अपनी जमीन बेची है और रजिस्ट्री कराने के लिए नकदी घर पर रखी गई है। लालच में आकर साहुन ने अपने परिचित लियाकत (जो पहले भी डकैती की वारदातों में शामिल रहा है) से संपर्क किया और उसे पूरी जानकारी दी।
शाम को की गई मकान व रास्तों की रेकी
योजना के तहत लियाकत ने अपने अन्य साथियों को जोड़ा। घटना वाले दिन शाम के समय आरोपी साहुन ने दो बदमाशों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर पीड़ित के घर के आसपास के इलाकों और वहां आने-जाने वाले सभी रास्तों की बारीकी से रेकी करवाई थी, ताकि भागने में कोई परेशानी न हो।
कार से पहुंचे थे सात आरोपी, ऐसे दिया अंजाम
योजना के मुताबिक, लियाकत के कहने पर सात आरोपी निजाम, तयूब, रिहान, सलीम, हैदर अली, आरिफ और मोसीब गाड़ी में सवार होकर फतेहपुर तगा गांव पहुंचे। गत 25-26 सितंबर की दरमियानी रात करीब दो बजे सभी आरोपी पीड़ित के घर के बाहर पहुंचे। इनमें से पांच बदमाश घर के अंदर घुसे, जबकि दो आरोपी गाड़ी लेकर थोड़ा दूर निगरानी के लिए खड़े हो गए।
वारदात के बाद मुंबई-महाराष्ट्र भागे थे आरोपी
डकैती की इस वारदात के बाद आरोपी बेहद चालाकी से फरीदाबाद से भाग कर मुंबई और महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में छुप गए थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। हालांकि, अपराध शाखा सेक्टर-30 की तकनीकी सर्विलांस और खुफिया टीम ने जाल बिछाकर आखिरकार चार आरोपियों को दबोच लिया।
पीड़ित की जुबानी: जब घर में बोला गया धावा
फतेहपुर तगा निवासी पूर्व सरपंच और प्रॉपर्टी डीलर अब्दुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 25 सितंबर को ही अपने पुराने मकान से नए मकान में सामान शिफ्ट किया था। चूंकि 26 सितंबर को उन्हें जमीन की कई रजिस्ट्रियां करानी थीं, इसलिए घर में मोटी रकम रखी थी। रात करीब 2:10 बजे 4-5 नकाबपोश बदमाश घर के अंदर घुस आए। उस वक्त अब्दुल अकेले थे और गहरी नींद में थे। बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और तुरंत कमरे की चाबी मांगते हुए उनके हाथ, मुंह और पैर रस्सियों से चारपाई पर बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने रॉड से कमरे और संदूक के ताले तोड़कर अलमारी में रखी एक करोड़ चार लाख 80 हजार रुपये की पूरी नकदी समेट ली और उसी टूटी दीवार के रास्ते भाग गए।
एसीपी वरुण कुमार दहिया ने बताया कि गिरफ्तार सभी चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान इनसे लूटी गई रकम की बरामदगी, वांछित चल रहे अन्य साथियों (जैसे लियाकत और अन्य) की धरपकड़ और डकैती में प्रयुक्त हथियारों व वाहनों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।