फरीदाबाद। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान सोमवार को एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से प्रदीप राणा और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अतुल कुमार ने नामांकन दाखिल किया। दोनों ही उम्मीदवार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। 27 सितंबर से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में अभी तक बड़े दल के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। इस दौरान नामांकन केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
पृथला विधानसभा क्षेत्र से कालीचरण नामांकन दाखिल करने आए थे, लेकिन प्रस्तावकों की कमी के कारण वह नामांकन दाखिल नहीं कर सके। उन्होंने अभी तक चुनाव खर्च के लिए बैंक खाता भी नहीं खुलवाया था। नामांकन के लिए दस्तावेज पूरे न होने के कारण वह नामांकन दाखिल नहीं कर पाए। नामांकन फार्म की बात करें तो तिगांव विधानसभा क्षेत्र से 11, फरीदाबाद से 12, एनआईटी फरीदाबाद से 22, पृथला से 12 व बड़खल से 16 प्रत्याशी व उनके प्रस्तावकों ने फार्म लिए हैं। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 14 लोग आवेदन पत्र ले जा चुके हैं। नामांकन के लिए अब केवल तीन दिन शेष बचे हैं। निर्वाचन आयोग ने नामांकन की अंतिम तिथि चार अक्तूबर तय की है। दो अक्तूबर को गांधी जयंती की छुट्टी के चलते नामांकन नहीं होगा। मंगलवार को नामांकन करने वालों की संख्या में कुछ इजाफा होने की उम्मीद है।