ब्रांडेड कंपनी की बोतल में बेचते थे नकली शराब, तीन गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्राइम ब्रांच बड़खल टीम ने न्यू गाजीपुर कॉलोनी में चंद दिन पहले ही शुरू हुई नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर फैक्ट्री में छापामारी कर 27 पेटी शराब, केमिकल, आबकारी विभाग के नकली होलोग्राम, ब्रांडेड कंपनी की बोतल, ढक्कन, स्टिकर आदि बरामद किए हैं।
पुलिस ने नकली शराब की पैकिंग करते हुए मौके से पंछी गुप्ता उर्फ गाजी, राम जीत निवासी एटा, मैनपुरी (यूपी) और कमल निवासी टाउन नंबर पांच एनआईटी को गिरफ्तार किया है। टाउन नंबर पांच में ही रहने वाले मास्टर माइंड की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच बड़खल के साथ पहुंचे एक्साइज इंस्पेक्टर ने बताया कि मौके से एक हजार लीटर की टंकी और उसमें भरी अवैध शराब पकड़ी गई है। यह शराब रायल स्टैग ब्रांड की बोतलों में भरी जा रही थी। मौके से कुल 324 बोतलें पैक मिलीं। इसके अलावा चार कंटेनर एल्कोहल (स्प्रिट), कलर डाई भी बरामद हुई।
मास्टर माइंड खुद ही शराब बनाता था
उन्होंने बताया कि पकड़े गए माल को टेस्टिंग के लिए लैब भेजा जाएगा। पकड़े गए कमल ने बताया कि मास्टर माइंड खुद ही शराब बनाता था और हाइड्रो मीटर से उसकी तेजी मापता था। इसके बाद वह लोग बोतलों में भर कर उसकी पैकिंग करते थे।
पंछी और रामजीत ने बताया कि उन्हें बोतल साफ करने का काम बता कर तीन दिन पहले ही नौकरी पर रखा गया था। यह फैक्ट्री भी तीन दिन पहले ही शुरू हुई बताई जा रही है। तीनों को सारन पुलिस को सौंप दिया गया।
एसएचओ सारन इंस्पेक्टर वेद प्रकाश ने बताया कि फैक्ट्री संचालक टाउन नंबर पांच में रहने वाला कोई गौतम है उसकी तलाश की जा रही है। इस गोरखधंधे में कौन कौन लोग जुड़े है, पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।