Faridabad: नकली लेवल लगाकर सरसों तेल बेच रहे चार दुकानदारों पर केस दर्ज, बड़ी मात्रा में नकली तेल बरामद
चार दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दुकानों से काफी मात्रा में सरसों तेल की बोतले बरामद की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
स्मार्ट सिटी में नकली खाद्य पदार्थ बेचने के मामले थम नहीं रहे है। कोतवाली थाना पुलिस ने बुधवार को एनआईटी एक नंबर मार्केट सरसों तेल की बोतल पर नकली लेवल लगाकर बेचने के मामले का खुलासा किया है। जिसमें चार दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दुकानों से काफी मात्रा में सरसों तेल की बोतले बरामद की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के आरके पुरम निवासी ललित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक सरसों तेल उत्पादक कंपनी का प्रतिनिधि है। उन्हें कंपनी की ओर से ट्रेडमार्क की असली-नकली पहचान करने की अनुमति मिली हुई है। एक हफ्ते पहले सूचना मिली कि एनआईटी एक नंबर मार्केट में कुछ दुकानों पर कंपनी के लेवल लगाकर सरसों के तेल बेचे जा रहे हैं। पहले उन्हें विश्वास नहीं हुआ है। बाद में वह स्वंय ग्राहक बनकर बताए दुकानों से खरीदारी के लिए पहुंचे और जांच की।
उसकी नकली ट्रेडमार्क की पुष्टि हुई। कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की। मंगलवार रात चार दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान दुकानों से 168 से अधिक नकली लेवल लगी सरसों तेल की बोतलें बरामद की गई। पुलिस दुकान संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार है। उनकी तलाश की जा रही है। इससे पहले भी बल्लभगढ़ में नकली सामान बेचने के मामले सामने आ चुके हैं। इसमें नामी कंपनियों के स्टीकर लगाकर सामान बेचे जा रहे थे।