होटल में बेरोजगार युवती से दुष्कर्म: जिससे नौकरी दिलवाने की उम्मीद बांधी, उसी ने बनाया हवस का शिकार; आपबीती
नोएडा की युवती ने नौकरी के बहाने फरीदाबाद बुलाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपी प्रवीन कुमार ने 29 अगस्त को हॉटल में घटना की। पुलिस ने 7 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की।
विस्तार
ऑनलाइन नौकरी की तलाश में बायोडाटा डालने वाली नोएडा निवासी युवती को नौकरी दिलाने के बहाने फरीदाबाद बुलाकर होटल ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने घटना के बाद किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती की शिकायत पर एनआईटी थाना पुलिस ने सात सितंबर को आरोपी प्रवीन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
युवती के अनुसार 21 अगस्त को उसके पास प्रवीन कुमार ने फोन और व्हाट्सएप कॉल की थी। उसने ऑनलाइन नौकरी की साइट से बायोडाटा मिलने की बात कहते हुए अपने स्कूल में रिसेप्शन पर नौकरी दिलाने की बात कही। दोनों के बीच नौकरी को लेकर कई बार बातचीत हुई। आरोपी ने स्कूल का पता जेवर बताया था।
शिकायत के अनुसार 29 अगस्त को प्रवीन ने उसे ग्रेटर फरीदाबाद वर्ल्ड स्ट्रीट बुलाया। युवती करीब 2:00 बजे वहां पहुंची तो आरोपी ने उसकी लोकेशन मांगी और वहां से उसे एनआईटी-पांच ले गया। आरोप है कि आरोपी ने होटल में चलकर बातचीत करने की बात कही और एक होटल में कमरा बुक किया।
युवती का आरोप है कि होटल के कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार आरोपी ने घटना के बाद शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण उसने तत्काल शिकायत नहीं की, बाद में एक सितंबर को पुलिस को शिकायत दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।