फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को टीकाकरण के 121 सेशन आयोजित किए गए। इस दौरान 13509 लोगों को टीका लगवाया। इसमें से 12872 लोगों ने टीके की पहली और 637 लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई। टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. रमेश ने बताया कि सोमवार को 45 से 60 साल की उम्र के 9173 लोगों ने टीके की पहली और 244 लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई। वहीं, 60 साल से अधिक उम्र के 3699 बुजुर्गों ने टीके की पहली और 330 बुजुर्गों ने टीके की दूसरी डोज ली। 45 से 60 साल की उम्र के 8231 लोगों और 3339 बुजुर्गों ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों व विशेष शिविर में टीकाकरण कराया। इस दौरान 51 स्वास्थ्य कर्मियों और 13 फ्रंट लाइन वर्कर ने टीके की दूसरी डोज लगवाई।
सेक्टर-21सी स्थित सामुदायिक केंद्र पर सोमवार को आरडब्ल्यूए के सहयोग से टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने लोगों से टीकाकरण की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों व अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से टीकाकरण केंद्र पर जोरों से जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। सेक्टर-8 में भारत विकास परिषद के सहयोग से शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर दिनेश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, विनय गोयल, आरडब्ल्यूए प्रधान जगदीश चौहान, डी एस निर्वाण, सुदीप मंगला, रेनू भाटिया, बी के भाटिया मौजूद रहे।