ऊपर से गुजर गई ट्रेन, बच गया रेलकर्मी
ओल्ड रेलवे स्टेशन पर सुबह आगरा से नई दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के नीचे आ जाने से एक रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर तड़पता रहा लेकिन न तो स्ट्रेचर आया और न ही एंबुलेंस।
इस दौरान तमाशबीनों की भी भीड़ जमा हो गई। करीब घंटे भर बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार छंटीकरा, मथुरा निवासी संतलाल रेलवे कर्मचारी है।
मंगलवार की सुबह करीब 9.35 बजे वह इंटरसिटी एक्सप्रेस से ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा और उतरने का प्रयास किया। पैर फिसल जाने के कारण वह गाड़ी के नीचे चला गया। वह निकलने की कोशिश करता कि इसी दौरान गाड़ी चलने लगी।
ट्रेन ने उसे कुछ दूरी तक घसीटा भी
खुद को बचाने के लिए वह ट्रैक के बीच में लेट गया। शर्ट फंस जाने के कारण ट्रेन उसे काफी दूर तक घसीट ले गई। रेलकर्मी की पीठ पूरी तरह से छिल गई।
गाड़ी जाने के बाद लोगों ने उसे ट्रैक से उठाकर प्ल्ेटफार्म पर लिटाया और रेल अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्टेशन पर आपदा प्रबंधन की खुली पोल
-कहने को तो रेलवे अपने कर्मचारियों को किसी भी आपदा से निपटने के लिए समय-समय पर आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग देता है लेकिन वह कितनी कारगर साबित हो सकती है इसका नजारा इस घटना में देखने को मिला।
घायल रेलकर्मी संतलाल प्लेटफार्म नंबर-2 पर करीब 45 मिनट तक तड़पता रहा लेकिन रेलवे की ओर से न तो एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और न ही समय पर कोई स्ट्रेचर लेकर पहुंचा।
आरपीएफ थाना प्रभारी पीके वर्मा का कहना है कि उनके पास एंबुलेंस की कोई व्यवस्था नहीं है। रही बात स्ट्रेचर की तो वह आस-पास ही रखी रहती है। हो सकता है कि स्ट्रेचर ले जाने वाला कर्मचारी कहीं और व्यस्त रहा हो।