जम्मू-कश्मीर: मुठभेड़ में जैश के 2 आतंकी ढेर, पाक ने कई जगह तोड़ा सीजफायर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाक बौखला गया है। इस बौखलाहट में मंगलवार देर रात से ही बॉर्डर पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। इस दौरान पाक ने कश्मीर के उरी में गोलीबारी की। वहीं बुधवार सुबह दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों ने जैश के दो आतंकियों को मार गिराया। इनमें एक पाकिस्तानी आतंकी था। इनसे हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। शोपियां जिले के मीमंदर इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने बुधवार की सुबह इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान घेरा सख्त होता देख छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें दो आतंकी मार गिराए गए।
बता दें मंगलवार तड़के भारत की ओर से पीओके में की गई एयर स्ट्राइक के बाद सीमा पर पाक सेना द्वारा लगातार फायरिंग की जा रही है वहीं दूसरी तरफ घाटी में आतंकी गतिविधियां भी जारी हैं। कश्मीर आईजी एसपी पाणि ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान शोपियां में दो जैश के आतंकियों को मार गिराया गया है।
पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकियों में एक स्थानीय था, जिसकी शिनाख्त सुहैल नजीर मीर (सैदापोरा-पाईन, शोपियां) के रूप में हुई है। दूसरा पाकिस्तानी था। पुलिस ने बताया कि दोनों कई आतंकी घटनाओं में शामिल रहे हैं। सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले के साथ ही सुरक्षा बलों पर हमले में भी इनका हाथ रहा है।
पुलिस ने बताया कि मौके से बरामद हथियार तथा गोला बारूद को जांच के लिए रख लिया गया है। दावा किया कि आपरेशन को पूरी सतर्कता के साथ अंजाम दिया गया, जिसमें सुरक्षा बलों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। मुठभेड़ शुरू होते ही पूरे इलाके में हिंसा भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इससे काफी देर तक तनाव की स्थिति रही।
स्कूल किए गए बंद
वहीं मंगलवार को पाकिस्तान ने एलओसी पर 12 से 15 स्थानों पर भारी गोलाबारी की। इसमें छह जवान घायल हो गए। भारत की जोरदार जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की पांच पोस्ट तबाह हो गई। सीमापार से हो रही गोलाबारी के चलते राजोरी जिले में एलओसी से पांच किमी के दायरे में आने वाले स्कूलों को जिला प्रशासन ने बुधवार को बंद रखने के आदेश दिए हैं। पांचवीं, छठीं और सातवीं की परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है।
दरअसल, पाकिस्तान की ओर से आईबी पर जब भी गोलाबारी होती है, स्कूली बच्चे बीच रास्ते में फंस जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में वाहनों को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाती है। लिहाजा अभिभावकों को निजी वाहनों से बच्चों को घर वापस लाना पड़ता।
मराठा रेजीमेंट को किया गया तैनात
सूत्रों के अनुसार हीरानगर सेक्टर के पहाड़पुर से चांदमां पोस्टों के बीच सेना के 12 मराठा रेजीमेंट को तैनात किया गया है तो वहीं चांदमां से आगे की पोस्टों पर 10 सिख रेजीमेंट की तैनाती हो रही है।
इसके साथ ही सांबा, कठुआ तथा जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जवानों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। जम्मू संभाग में पुंछ व राजोरी जिले तथा घाटी में एलओसी पर भी जवानों को सतर्क किया गया है। बारामुला तथा कुपवाड़ा जिले में दुश्मनों की किसी भी हरकत का माकूल जवाब देने को कहा गया है।
सेना ने बनाएं 13 शिविर
जम्मू कश्मीर के ज्यौड़ियां में खौड़ उपजिले की तीन तहसीलों के 44 गांव आईबी या एलओसी से सटे हैं। प्रशासन ने सीमा पर गोलाबारी जैसे हालात बनने पर सुरक्षित स्थान पर ठहराने के लिए 13 शिविर बनाए हैं। इसमें खौड़ उपजिले की तहसील खौड़, खडाहबली तथा परगवाल शामिल हैं। शिविरों में साफ पानी खाने, शौचालय आदि प्रबंध कर दिए हैं। गाड़ियों का प्रबंध भी कर दिया है। गाड़ियां किस रूट से होकर लोगों को शिविरों तक पहुंचाएगी सब तय कर लिया गया। राजस्व विभाग के मुताबिक इन गांवों की कुल जनसंख्या 61979 है।
एलओसी पर तनाव के चलते हाई अलर्ट
भारतीय वायु सेना की तरफ से मंगलवार को पीओके में हुई कार्रवाई से एलओसी पर तनाव बढ़ गया है। एलओसी पर पाक सेना की हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सेना को हाई अलर्ट पर है। वायुसेना की तरफ से पीओके में आतंकी शिविरों को नष्ट करने के बाद मंगलवार को दिन के अलावा रात में साढ़े नौ बजे भी वायुसेना के लड़ाकू विमान गश्त कर रहे थे। लड़ाकू विमानों की आवाज से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग भारत-पाक में युद्ध की आशंका के चलते डरे हुए हैं। वहीं, डीसी राजोरी मोहम्मद एजाज असद ने भारत-पाक में तनाव को देखते हुए बुधवार को पांचवीं, छठीं और सातवीं की परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है।