पुरानी दिल्ली स्टेशन से आठ माह का बच्चा अगवा, सीसीटीवी में कैद आरोपी, पर...
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से आठ माह के बच्चे को अगवा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पिता ने पास में आराम कर रहे संदिग्ध युवक पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी में आरोपी की फुटेज कैद हुई है लेकिन तस्वीर धुंधली होने की वजह से शिनाख्त करने में परेशानी हो रही है।
पुलिस के अनुसार बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला रहमातुल्ला ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस को शिकायत दी है कि वह 17 जुलाई की देर रात शहीद एक्सप्रेस से स्टेशन पर उतारा। उसके साथ उसकी पत्नी शबीना और ढाई साल और आठ माह के दो बेटे थे।
उसे धारूहेड़ा जाना था लेकिन उस समय कोई ट्रेन नहीं होने के कारण वह स्टेशन के एंट्री गेट के पास मेन हॉल में परिवार के साथ आराम करने लगा। रात करीब डेढ़ बजे रहमातुल्ला की नींद खुली तो वह अपने लिए चाय लेने जाने लगा।
तभी बगल में आराम कर रहे संदिग्ध युवक ने उसे दस रुपये का नोट पकड़ाकर खुद के लिए भी चाय लाने को कहा। जब रहमातुल्ला चाय लेकर लौटा तो उसका आठ माह का बच्चा गायब था।
साथ ही संदिग्ध युवक भी नहीं था। उसने तुरंत पत्नी को जगाया और घटना की जानकारी दी। काफी देर तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो दंपती ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तुरंत अगवा का मामला दर्ज कर लिया।
रेलवे पुलिस उपायुक्त परवेज अहमद ने बताया स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को जब्त कर युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक एक कैमरे में युवक का धुंधला फोटो आया है। पुलिस उसके जरिए आरोपी की पहचान करने में जुटी है।