दिल्ली में झूमकर बरसे बदरा: शाम तक 15.6MM बारिश, पानी में बह गए सरकारी दावे, कल भी बारिश का यलो अलर्ट
बुधवार को हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली, पर जलभराव व जाम हुआ। मौसम विभाग ने 6-11 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट दिया।
विस्तार
दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। सुबह के समय ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया। हालांकि, इस राहत के साथ कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।
दिल्ली में बुधवार को कई इलाकों में सुबह से दोपहर तक बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग मानक केंद्र में शाम 5:30 बजे तक 15.6 एमएम बारिश हुई। सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक लोधी रोड में सबसे ज्यादा 26 मिमी बारिश हुई। फार्मा साइंस रिसर्च में 13, छतरपुर में दो और पूसा में एक मिमी बारिश दर्ज की गई। रिज में ट्रेस बारिश हुई। वहीं, 11:30 से 2:30 बजे तक केवीके सीआरपीएफ कैंपस में 13, लोधी रोड में 12.7, नारायणा में चार, पूसा में तीन मिमी बारिश हुई। पालम में 1.4 मिमी, फार्मा साइंस रिसर्च में एक मिमी और आया नगर में 0.2-0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान में आई गिरावट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में अधिकतम तापमान 32.6 रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है और 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। यहां न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है। 24 घंटे में 0.8 डिग्री सेल्सियस कम हुआ। पालम में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, लोधी रोड में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा, रिज में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आया नगर में अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
आज भी बारिश का यलो अलर्ट जारी
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 अगस्त से 11 अगस्त तक दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 अगस्त को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में एक-दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर सुबह से दोपहर के बीच मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
अगले छह दिन बादल डाले रहेंगे डेरा
आईएमडी के अनुसार, सात अगस्त को भी यही स्थिति रहने की संभावना है। ऐसे में शाम और रात के समय भी कई इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, 8 और 9 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। 10 और 11 अगस्त को बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर से शाम और सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।