दिल्ली पुलिस की लापरवाही से इंसानियत शर्मसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की लापरवाही कहें या आपसी तालमेल की कमी। एक परिवार को जाफराबाद से लापता 16 साल के बेटे की मिट्टी भी नसीब नहीं हो सकी।
वेलकम पुलिस को चार दिन बाद ही नाबालिग का शव बरामद भी हो गया, लेकिन पुलिस ने उसकी शिनाख्त नहीं करवाई। पुलिस ने जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव दफना दिया।
सब कुछ होने के बाद परिवार को बेटे की मौत की खबर मिली। उसके सिर पर चोट के निशान थे। कपड़ों से बेटे की पहचान हुई। वेलकम थाने में उसकी हत्या का मामला भी दर्ज है।
अब परिवार को इस बात का मलाल है कि पुलिस के थोड़े से प्रयास से उन्हें अपने लाल की मिट्टी नसीब हो सकती थी। पुलिस के मुताबिक तनवीर (16) अपने परिवार के साथ 12/21 गली नंबर-3, विजय मोहल्ला, मौजपुर जाफराबाद में रहता था।
पुलिस ने बिना पहचान किए दफना दिया
इसके परिवार में पिता मो. ताहिर, शाहेदा, तीन बहनें और एक भाई हैं। तनवीर ने इसी साल दसवीं कक्षा पास करने के बाद मोबाइल रिपेयरिंग सीखना शुरू किया था।
गत 11 अगस्त सुबह 8:45 बजे तनवीर घर से निकला, उसके बाद वह वापस नहीं आया। परिवार वालों ने तलाश करने के बाद रात को जाफराबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज करवा दी। पुलिस ने छानबीन के बाद अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
15 अगस्त को मौजपुर चौक के पास गहरे गड्ढे में वेलकम थाना पुलिस को तनवीर का शव बरामद हुआ। सिर पर चोट के निशान थे। पानी में रहने की वजह से शव बुरी तरह फूला हुआ था।
जेब से कोई पहचान का कागज या अन्य सामान न मिलने की वजह से पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल में रखवा दिया।
वेलकम थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 19 अगस्त को बिना शिनाख्त के अज्ञात में तनवीर के शव का पोस्टमार्टम कराकर दिल्ली गेट स्थित कब्रिस्तान में को दफना दिया।
तनवीर के परिवार ने लगाया गंभीर आरोप
दूसरी ओर एक पुलिसकर्मी से जिक्र के दौरान जाफराबाद पुलिस को पता चला कि वेलकम में उसी हुलिये का शव पुलिस को मिला था। छानबीन की गई तो पता चला कि शव तनवीर का ही था।
20 अगस्त को परिवार ने जीटीबी अस्पताल में रखे कपड़े देखे और उनकी पहचान तनवीर के कपड़ों के रूप में की। पुलिस तनवीर की मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन निकलवा कर उसके हत्या तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस तनवीर के शव का डीएनए टेस्ट भी करा रही है।
तनवीर की बहन शाजिया (22) का आरोप है कि दिल्ली पुलिस चाहती तो उनके परिवार को भाई की मिट्टी नसीब हो सकती थी।
लेकिन न तो जाफराबाद पुलिस ने ध्यान दिया और न ही वेलकम पुलिस ने शव की पहचान करने की कोशिश की। आरोप है कि पुलिस यह मानकर मामले की जांच करती रही कि उसका भाई कहीं भाग गया है, कुछ समय बाद लौट आएगा।
लापता बच्चे का शव मिला, हत्या की आशंका
दिल्ली के जैतपुर इलाके में दो दिनों से लापता बच्चे का शव एनटीपीसी के पास दल-दल से बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक हिमांशु (12) अपने परिवार के साथ जैतपुर की पीर बाबा कालोनी में रहता था। वह पास के पब्लिक स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था।
बृहस्पतिवार को उसे घर से कुछ बच्चे खेलने के लिए बुलाकर ले गए। उसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा था। परिवारवालों ने जैतपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
इस बीच शनिवार शाम में एक महिला ने एनटीपीसी के पास दल-दल में मासूम का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शव की शिनाख्त परिजनों ने हिमांशु के रूप में की।
परिवारवालों का आरोप है कि हिमांशु को अगवा कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एम्स में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।