दिल्ली में 34 आतंकियों की तलाश, पुलिस ने जगह-जगह पोस्टर चिपकाए
दिल्ली पुलिस को 34 आतंकियों की तलाश है। पुलिस को आशंका है कि ये आतंकी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आतंकी हमला कर सकते हैं। पुलिस ने इन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं।
दिल्ली में इस बार 15 अगस्त को लेकर आतंकी हमले के काफी इनपुट्स मिले हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को दुरस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार 15 अगस्त के मौके पर आतंकी हमले की आशंाक को देखते हुए दिल्ली के वांछित आतंकियों के पोस्टर जारी किए गए हैं।
इनमें अलकायदा के आठ, इंडियन मुजाहिदीन के 12, बब्बर खालसा के11 और तीन अन्य आतंकी है। दिल्ली पुलिस ने इन आतंकियों पर इनाम भी रखा हुआ है। कुल एक लाख 60 हजार पोस्टर छपवाए गए हैं।
जगह-जगह चिपकाया गया पोस्टर
इन पोस्टरों को राजधानी में जगह-जगह चिपकाया गया है, ताकि जनता जागरूक हो और आतंकियों की पहचान कर सकें। हालांकि खास बात ये है कि 15 अगस्त व 26 जनवरी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल संदिग्ध व वांछित आतंकियों को सूची जारी कर देती है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों को ये पता नहीं है कि इनमें से कितने आतंकी जिंदा है।
हालांकि आतंकी हमले के इनपुट्स मिलने के बाद दिल्ली में हाईअलर्ट है। दिल्ली पुलिस हर रोज जगह-जगह चेकिंग कर रही है। शुक्रवार रात दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक की जनरल गश्त थी। पूरी दिल्ली में देर रात तक जगह-जगह बेरीकेडिंग्स लगाकर चेकिंग की गई थी।