एरिया में जश्न का माहौल: इलाके में था लक्ष्मण का आतंक; दिल्ली पुलिस पहुंची तो छत पर पानी की टंकी में छिपा मिला
स्थानीय लोगों को जब आरोपी की गिरफ्तारी का पता चला तो लोगों ने जश्न मनाया। पुलिस ने उसके बेटे लक्ष्य (26) को भी गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
खुद को पत्रकार बताने वाले नबी करीम के एक बदमाश का एरिया में खासा आतंक था। वह किसी को भी डरा-धमकाकर वसूली कर लेता था। यहां तक कोई उसकी शिकायत तक करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था। आरोपी ने एरिया के एक कारोबारी से 50 हजार की डिमांड कर दी। पीड़ित ने भी हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत कर दी।
पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने पुलिस टीम से बदसलूकी-मारपीट करने के अलावा नोटिस भी फाड़कर हाथ में थमा दिया। जबरन पुलिस की टीम घर में घुस गई। आरोपी लक्ष्मण इंदौरिया (52) छत पर बनी पानी की टंकी में छिपा मिला। वहां से उसे घसीटते हुए थाने लाया गया।
स्थानीय लोगों को जब आरोपी की गिरफ्तारी का पता चला तो लोगों ने जश्न मनाया। पुलिस ने उसके बेटे लक्ष्य (26) को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसकी पत्नी और बेटे प्रज्ञावान की तलाश कर रही है। आरोपी लक्ष्मण इंदौरिया के खिलाफ पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह कई यू-ट्यूब चैनल चलाता है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 27 मार्च को रेस्टोरेंट चलाने वाले दौलत राम नामक कारोबारी ने पीसीआर कॉल कर लक्ष्मण इंदौरिया नामक बदमाश द्वारा 50 हजार रुपये मांगे जाने की शिकायत की थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी 23 मार्च को अपने साथियों के साथ पहुंचा और उसके खिलाफ गलत खबर चलाने और जान से मारने की धमकी देकर रुपयों की मांग की।
इसके बाद 27 मार्च को आरोपी ने शीला सिनेमा के पास जबरन उसे रोका और रुपयों की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर जबरन वसूली का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जब लक्ष्मण को पुलिस से शिकायत दिए जाने का पता चला तो आरोपी ने अपने बेटों के साथ मिलकर दौलम राम और उसके दोस्त की पिटाई कर दी।
इस घटना में आरोपी की पत्नी ने झूठा आरोप लगाकर मामले को दूसरा रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में मारपीट का एक और मामला दर्ज कर लिया। इस बीच बुधवार को पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची। वहां लक्ष्मण के बेटे लक्ष्य और प्रज्ञावान ने हवलदार शशांक और सिपाही विजयंत के साथ मारपीट कर दी।
इन लोगों का कहना था कि लक्ष्मण घर पर नहीं है। पुलिस की टीम जबरन अंदर घुसी तो आरोपी लक्ष्मण घर की छत पर पानी की टंकी में छिपा मिला। पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसकी पत्नी और बेटा प्रज्ञावान वहां से फरार हो गया। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जबरन वसूली के लिए कई यू-ट्यूब चैनल चलाकर वसूली करता है। आरोपी लोगों के खिलाफ झूठी खबर चलाकर उनको डरा-धमकाकर वसूली करता है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।