'आप' कार्यकर्ता पर युवती से रेप का आरोप, अश्लील फोटो खींच किया ब्लैकमेल, गिरफ्तार
कालकाजी में 25 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हरजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्यकर्ता को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया।
इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी ने युवती की अश्लील फोटो खींच ली थीं और किसी को कुछ बताने पर इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी दी थी।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, पीड़ित युवती की शिकायत पर कालकाजी थाने में 25 सितंबर को आप कार्यकर्ता हरजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 25 सितंबर को ही गोविंदपुरी एक्सटेंशन, कालकाजी निवासी आप कार्यकर्ता हरजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था।
ब्लैकमेल कर आरोपी ने उससे ज्वेलरी ले ली
युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी ने 30 अगस्त, 2017 को उसे नौकरी लगवाने के बहाने अपने पास बुलाया था। वह उसे कालकाजी स्थित एक होटल में ले गया। यहां पर आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने धमकी दी कि उसने अश्लील फोटो खींच ली हैं, अगर किसी को कुछ बताया, तो वह फोटो को इंटरनेट पर अपलोड कर देगा।
इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा। ब्लैकमेल कर आरोपी ने उससे ज्वेलरी ले ली थी।