{"_id":"6aee31d5400717ffe10d2d45","slug":"delhi-man-murders-colleague-after-being-angered-by-a-financial-dispute-and-an-insult-accused-arrested-2026-11-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: पैसों के विवाद और अपमान से नाराज होकर सहकर्मी की हत्या, आरोपी मुगलसराय रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: पैसों के विवाद और अपमान से नाराज होकर सहकर्मी की हत्या, आरोपी मुगलसराय रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
Sat, 07 Nov 2026 01:31 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 07 Nov 2026 01:31 AM IST
सार
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के डेरावाल नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में हुई, जहां दोनों काम करते थे।
विज्ञापन
demo
विस्तार
मॉडल टाउन में निर्माणाधीन इमारत में एक युवक ने पैसों को लेकर हुए विवाद और अपमान से नाराज होकर अपने सहकर्मी की लोहे की छड़ और सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान राहुल उर्फ गुलाब के रूप में हुई है, जबकि मृतक की पहचान 28 वर्षीय दिलीप कुमार के रूप में की गई है। दोनों निर्माणाधीन इमारत में चौकीदार थे। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय रेलवे स्टेशन से तलाशी अभियान के बाद गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के डेरावाल नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में हुई, जहां दोनों काम करते थे। मृतक ठेकेदार से पैसे लेता था, लेकिन राहुल के बिहार स्थित अपने गांव जाने के लिए आर्थिक मदद मांगने पर भी वह उसे पैसे देने से इन्कार कर देता था। पुलिस ने बताया कि दिलीप आरोपी को अपमानित भी करता था। चार नवंबर को पैसे मांगने पर दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, इस दौरान राहुल अपना आपा खो बैठा और दिलीप के सिर, माथे तथा गर्दन पर लोहे की छड़ और सब्बल से कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई। पांच नवंबर को मॉडल टाउन पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें एक इमारत में एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पार्किंग में एक खाट पर व्यक्ति का शव मिला।
विज्ञापन
जांच के दौरान उसके भतीजे कपिल पटेल ने पुलिस को बताया कि निर्माण स्थल पर काम करने वाला राहुल अक्सर दिलीप से झगड़ा करता था। अधिकारी ने बताया कि कपिल ने यह भी बताया कि चार नवंबर को हुए विवाद के दौरान आरोपी ने दिलीप को जान से मारने की धमकी दी थी।
अगली सुबह राहुल अपने सामान के साथ फरार मिला, जिससे उसकी भूमिका पर संदेह गहरा गया। इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई गई। पुलिस को राहुल के मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर होने का पता चला और रेलवे कर्मचारियों के साथ समन्वय कर ट्रेनों के डिब्बों की तलाशी ली। इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।