अच्छी खबर: दिल्ली एलजी का आदेश, तत्काल नियुक्त हों 2346 होमगार्ड; सभी पास कर चुके हैं सारे मापदंड
उपराज्यपाल ने इससे पहले जनवरी 2024 में महिलाओं के लिए 33.33 फीसदी आरक्षण के प्रावधान के साथ 10285 होमगार्ड स्वयंसेवकों के नामांकन को मंजूरी दी थी।
विस्तार
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने 2346 होमगार्ड को तत्काल नियुक्त करने का आदेश दिया है। इन होमगार्ड ने अपनी शारीरिक माप और दक्षता परीक्षा (पीएमईटी) व लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। जबकि 7939 अन्य रिक्तियां दो लंबित अदालती मामलों के अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं। निर्देश के तहत परीक्षा पास हो चुके 2346 उम्मीदवारों को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। उपराज्यपाल ने यह भी निर्देश दिया है कि योग्य उम्मीदवारों के चिकित्सा परीक्षण के लिए एक सप्ताह के भीतर एक समर्पित चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाए। जांच के बाद जल्द नियुक्ति पत्र सौंपे जाएं।
उपराज्यपाल ने इससे पहले जनवरी 2024 में महिलाओं के लिए 33.33 फीसदी आरक्षण के प्रावधान के साथ 10285 होमगार्ड स्वयंसेवकों के नामांकन को मंजूरी दी थी। इसके बाद 23 जनवरी को इन 10,285 रिक्तियों को भरने के लिए एक विज्ञापन जारी किया गया। इसमें 109001 आवेदकों ने आवेदन किया। 32511 ने पीएमईटी के लिए रिपोर्ट किया।
इस बीच, कुछ आवेदकों ने विभिन्न मुद्दों पर उच्च न्यायालय का रुख किया। इसके तहत न्यायालय ने निर्णय लिए जाने तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया। हालांकि, 2346 उम्मीदवार इन अदालती मामलों से उत्पन्न होने वाली बाधाओं से मुक्त है। एलजी ने चिकित्सा परीक्षण के बाद उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
नियुक्ति के बाद इन होम गार्ड को प्रदूषण के खिलाफ अभियान में लगाया जा सकेगा। सक्सेना ने डीजी होमगार्ड को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है कि संबंधित मामलों में उच्च न्यायालय के निर्णयों का संज्ञान लेने के बाद शेष 7939 रिक्तियों को भी जल्द से जल्द भरा जाए।