दिल्लीः कंझावला में बदमाश की गोली मारकर हत्या, पुलिस को आपसी रंजिश की आशंका
-पुलिस को आशंका आपसी रंजिश में मारी गई गोली, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
-मृतक था कंझावला थाने का घोषित बदमाश, पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लॉकडाउन के दौरान भी बदमाश वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। कंझावला इलाके में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त चंद्रशेखर उर्फ शेखर (30) के रूप में हुई है।
चंद्रशेखर के खिलाफ कई अपराधिक मामले दर्ज थे। वह कंझावला थाने का बीसी(घोषित बदमाश) था। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि आपसी रंजिश की वजह से ही चंद्रशेखर को गोली मारी गई है।
पुलिस ने चंद्रशेखर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक चंद्रशेखर परिवार के साथ गली नंबर-3, कराला गांव, कंझावला में रहता था। मंगलवार शाम को चंद्रशेखर किसी काम से घर से बाहर निकला था। इस बीच कराला-रानीखेड़ा रोड के पास अज्ञात बदमाशों ने चंद्रशेखर को गोली मार दी।
दो गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। करीब साढ़े आठ बजे लोगों ने चंद्रशेखर को खून से लथपथ झाड़ियों में पड़ा देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चंद्रशेखर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चंद्रशेखर के खिलाफ कंझावला थाने में चोरी के चार मामले दर्ज थे। उसे थाने का बीसी घोषित किया हुआ था। ऐसे में उसकी हत्या किसने की, पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है।