अब AAP सरकार करवाएगी मुफ्त में तीर्थ यात्रा, साथ ही सेवाएं भी होंगी निशुल्क
दिल्ली सरकार राजधानी के वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त में तीर्थ यात्रा कराएगी। दिल्ली-मथुरा-वृंदावन, दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश-नीलकंठ समेत पांच धार्मिक रूट की पहचान भी ली गई है।
एक साल में 77,000 दिल्लीवासी तीर्थ यात्रा पर जा सकेंगे। दिल्ली कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को योजना को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट ने 1000 बस खरीदने समेत तीन अन्य प्रस्तावों पर मुहर लगा है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि 60 साल से ऊपर के दिल्लीवासी सरकारी खर्च पर तीर्थ यात्रा करेंगे। इसके लिये पहचान किए गए पांच रूटों पर एसी बसें चलाई जाएंगी।
यात्रा खर्च के साथ मुसाफिरों के रहने के अलावा नाश्ता सहित दोपहर व रात के खाने का खर्च भी सरकार उठाएगी। हर यात्री का 2 लाख रुपये का बीमा भी कराया जाएगा। दिल्ली की हर विधानसभा से एक साल में 1,100 लोग योजना का फायदा ले सकेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जल्द ही योजना लांच करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों को योजना का सीधा फायदा मिलेगा। खर्च की वजह से उनकी तीर्थ यात्रा पर जाने की मंशा अधूरी नहीं रहेगी।
ऐसे करें आवेदन
लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय विधायक, डीसी ऑफिस व तीर्थयात्रा विकास समिति में किसी एक जगह आवेदन जमा कर सकेंगे।
नियत संख्या से ज्यादा आवेदन मिलने पर सरकार ड्रा निकालेगी। जिनका ड्रा निकलेगा वह यात्रा पर जाएंगे। बाकी की वेटिंग लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
इन पांच रूट पर 3 दिन व 2 रातों की यात्रा मुफ्त
-दिल्ली-मथुरा-वृंदावन।
-दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश-नीलकंठ।
-दिल्ली-पुष्कर-अजमेर।
-दिल्ली-अमृतसर-बाघा-आनंदपुर साहिब।
-दिल्ली-वैष्णो देवी-जम्मू।