दिल्लीः बसों में महिलाओं के मुफ्त यात्रा टिकट पर सीएम की फोटो का मामला पहुंचा लोकायुक्त-एलजी के पास
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में महिलाओं के मुफ्त यात्रा टिकट पर मुख्यमंत्री का फोटो छापे जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। भाजपा विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को लोकायुक्त रेवा खेत्रपाल और एलजी से मिला।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि लोकायुक्त मेें मुफ्त यात्रा टिकट पर मुख्यमंत्री का फोटो छपे होने की शिकायत दी गई है। मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के खिलाफ दर्ज शिकायत में कहा गया है कि केजरीवाल सरकार चुनाव से पहले नियम-कायदे का उल्लंघन कर रही है।
लोकायुक्त रेवा खेत्रपाल ने इस पर बुधवार दोपहर को सुनवाई का आश्वासन दिया। दिल्ली सरकार ने 11 अक्तूबर को टिकट के पीछे मुख्यमंत्री का फोटो लगाने की मंजूरी दी थी।
गुप्ता ने बताया कि 2012 में दिल्ली स्वराज योजना के अंतर्गत ऋण प्रार्थना पत्र पर तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित व परिवहन मंत्री राजकुमार चौहान के फोटो प्रकाशित किए गए थे। तत्कालीन लोकायुक्त न्यायमूर्ति मनमोहन सरीन ने इन्हें हटाने के आदेश दिए थे।
लोकायुक्त से पहले भाजपा प्रतिनिधिमंडल इसी मुद्दे पर उपराज्यपाल से भी मिला था। इस दौरान अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
भाजपा के प्रतिनिधियों ने डीटीसी बसों में नि:शुल्क यात्रा करने वाली महिलाओं को दिए जाने वाले टिकट के पीछे मुख्यमंत्री का फोटो छापने की शिकायत करते हुए उनसे हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा विधायक ओपी शर्मा, जगदीश प्रधान, पूर्व विधायक कपिल मिश्रा व अनिल वाजपेयी शामिल थे।