{"_id":"661c42be1cc6238dcc059ea3","slug":"delhi-accused-wanted-in-robbery-case-pointed-pistol-at-police-team-2024-04-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi : डकैती के मामले में वांछित आरोपी ने तान दी पुलिस टीम पर पिस्टल, लेकिन भाग न सका कारजैकर 'उल्लू'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi : डकैती के मामले में वांछित आरोपी ने तान दी पुलिस टीम पर पिस्टल, लेकिन भाग न सका कारजैकर 'उल्लू'
Mon, 15 Apr 2024 02:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 15 Apr 2024 02:25 AM IST
सार
घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर पिस्टल तान दी और फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम के आगे उसकी एक न चली और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
Demo Pic
- फोटो : प्रतीकात्मक
विस्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अंतरराज्यीय कारजैकर सूरज गुलिया उर्फ उल्लू को लाडो सराय इलाके में मामूली झड़प के बाद गिरफ्तार किया है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर पिस्टल तान दी और फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम के आगे उसकी एक न चली और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लोडेड देशी पिस्तौल, तीन कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में बंदूक की नोक पर कारजैकिंग व डकैती के नौ सनसनीखेज मामलों में वांछित था। उससे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त राकेश पावरिया के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि सनसनीखेज कारजैकिंग/डकैती के कई मामलों में वांछित आरोपी सूरज गुलिया उर्फ उल्लू 11 अप्रैल को श्मशान घाट, लाडो सराय, एमजी रोड से लिंक रोड के पास सड़क पर आएगा। एसीपी नरेश सोलंकी व इंस्पेक्टर सुशील कुमार की देखरेख में एसआई अनुराग त्यागी, एएसआई अशोक दहिया, एएसआई सोनू नैन व एएसआई कुलदीप मान की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने उसके आने की संभावित जगह के पास जाल बिछाया।
विज्ञापन
आरोपी एमबी रोड की तरफ से पल्सर मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन वह रुकने के बजाय मोटरसाइकिल को मौके पर छोड़कर विपरीत दिशा में भागने लगा। हवलदार प्रमोद ने उसे काबू करने की कोशिश की, लेकिन उसने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी और गोली चलाने के लिए अपनी देसी पिस्तौल निकाल ली। थोड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आरोपी वीपीओ बामनोला, जिला झज्जर, हरियाणा निवासी सूरज पुत्र महेंद्र को दबोच लिया। सत्यापन करने पर उसके पास से बरामद पल्सर मोटरसाइकिल थाना नेब सराय क्षेत्र से चोरी हुई पाई गई।
विज्ञापन
जमींदार परिवार से ताल्लुक रखता है-
आरोपी सूरज गुलिया उर्फ उल्लू गांव के एक अमीर जमींदार परिवार से है और उसने 10वीं तक की पढ़ाई लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल, झज्जर से की है। इसके बाद वह बुरी संगत में पड़ गया और अपनी पढ़ाई छोड़ दी। वह किशोर अवस्था में झज्जर में दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा। जेल से बाहर आने के बाद वर्ष 2015 में वह अपने गांव के सोमवीर के गिरोह में शामिल हो गया। गिरोह ने दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के इलाकों में कार लूट की वारदातों को अंजाम देकर दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। गिरोह बंदूक की नोक पर ड्राइवरों का अपहरण करता था और उसका सामान और कार लूटने के बाद ड्राइवर को कार से बाहर फेंक देता था।
चार वर्ष तक जेल में रहा निरुद्ध
साल 2015 में उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वह और करीब चार साल तक अलग-अलग जेलों में रहा। जेल से बाहर आने के बाद, उसने अपनी आपराधिक गतिविधियां जारी रखीं और वर्ष 2020 में उसने फिर से झज्जर के डुलीना में एक मनी एक्सचेंज की दुकान में डकैती की वारदात की। उसें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में वह दो-तीन महीने बाद जमानत पर जेल से बाहर आया और फरार हो गया। इसके बाद अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।
फरारी के दौरान की बंदरगाह में नौकरी
फरारी के दौरान उसने पुलिस से बचने के लिए गुजरात में कई बंदरगाहों पर नौकरियां कीं। बंदरगाहों पर कर्मचारियों द्वारा फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित था, इसलिए जांच एजेंसियां उसका पता नहीं लगा सकीं। कुछ वर्षों के बाद वह पटौदी वापस आ गया और हरियाणा के पटौदी में एक व्यापारी फर्म में ट्रैक्टर चालक के रूप में काम कर रहा था।
परिवार की असहमति के बावजूद विधवा से की थी शादी
उसने स्कूल टाइम के दोस्त की विधवा से शादी कर ली। उसके माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे और उसकी आपराधिक गतिविधियों से भी तंग आ चुके थे। इसलिए परिवार ने उससे सभी रिश्ते खत्म कर लिए हैं। बंदूक की नोक पर कार लूटने के तीन सनसनीखेज मामलों में दिल्ली और राजस्थान की विभिन्न अदालतों द्वारा उसे भगोड़ा घोषित किया गया था और दो मामलों में उसे दोषी ठहराया था।