Delhi : गणतंत्र दिवस से पहले हथियारों का जखीरा पकड़ा, सप्लाई करने वाला आरोपी फरार, दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने हथियार तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया।
विस्तार
उत्तरी जिला पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले हथियारों का जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने हथियार तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव अशोक नगर रोहतक हरियाणा निवासी धर्मपाल और गांव निंदाना रोहतक हरियाणा निवासी सुमित के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 पिस्टल, 30 कारतूस और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हवलदार राकेश सिंह को सूचना मिली थी कि मेरठ निवासी अनुज अवैध हथियार की सप्लाई करने के लिए मौरिस नगर आएगा। वह धर्मपाल और सुमित को हथियार सप्लाई करेगा। निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी की गई। शाम 6:40 बजे पुलिस टीम ने एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार आते दिखी। कार कैवेलरी लेन के पास आकर रुकी।
इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति आया। उसने कार सवार को एक बैग दिया। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी, लेकिन स्कूटी सवार वहां से भाग गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुमित और धर्मपाल के रूप में हुई। उनके बैग में हथियार मिले। पुलिस ने मौरिस नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उसे अनुज ने हथियार सप्लाई किया था। जिसे उन्हें हरियाणा निवासी मोनी को देना था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, झपटमारी सहित अन्य मामले दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस कर रही पूछताछ
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले नई दिल्ली जिले में काफी संख्या में कारतूस मिलने से दिल्ली पुलिस में अफरातफरी मच गई है। बुधवार रात चेकिंग के दौरान यूपी के पीलीभीत निवासी एहितशाम-उल की कार से 45 कारतूस बरामद किए गए। नई दिल्ली जिले की तिलक मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एहितशाम को गिरफ्तार कर लिया। एहितशाम के पीलीभीत में कई ईंट-भट्टे हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां व दिल्ली पुलिस आरोपी से संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं।
नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल के अनुसार, तिलक मार्ग थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में एसआई वीरपाल व अन्य की टीम गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रात 1.30 बजे डब्ल्यू पाइंट पर पिकेट लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी उन्होंने एक कार (यूपी 26 एएस 9990) को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान चालक एहितशाम के कब्जे से एक छोटा पैकेट बरामद किया गया। पैकेट को खोला तो उसमें 45 कारतूस (9 मिमी) थे। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह पीलीभीत से आ रहा है।