खुद को आग लगाकर थाने में घुसा युवक
अमन विहार पुलिस स्टेशन में सोमवार रात उस वक्त हडकंप मच गया, जब एक युवक ने खुद को आग लगाकर थाने में पहुंच गया।
आनन-फानन में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक की आग बुझाई। इसकी पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ सत्ते (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने युवक संजय गांधी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की हालत गंभीर है।
फोन पर दी थी आग लगाने की धमकी
जानकारी के मुताबिक, सत्ते अमन विहार इलाके की रमेश कालोनी में रहता है। मजदूरी करने वाला सत्ते इंद्रलोक इलाके में एक ठेकेदार के मातहत काम कर रहा था।
सोमवार दिन में मजदूरी के लेन-देन को लेकर उसकी ठेकेदार से तीखी बहस हुई। लेकिन दोनों की बीच बात नहीं बन पाई। रात करीब नौ बजे सत्ते अमन विहार थाने के नजदीक पहुंचा। इस दौरान उसने ठेकेदार की मां को फोन लगाया।
पुलिस ने बताया कि सत्ते ने फोन कर ठेकेदार की मां से कहा कि वह थाने के नजदीक है। अगर उसकी मजदूरी लेकर ठेकेदार मौके पर नहीं आएगा तो वह आग लगाकर थाने में घुस जाएगा। इसके बाद फोन काट दिया।
आग लगाने से पहले पी थी शराब
कुछ देर इंतजार करने के बाद युवक ने अपने कपड़े में आग लगाई और थाने की तरफ दौड़ पड़ा। आग से घिरे युवक को दौड़ता देखते ही थाने में हडकंप मच गया।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, युवक 50 फीसदी झुलसा हुआ है।
गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार आग लगाने से पहले उसने शराब पी थी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।