अपनी ही कार चुराने के चक्कर में पहुंच गया जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के खजूरी खास में एक युवक फिल्मी स्टाइल में ट्रैफिक पुलिस से जब्त की गई अपनी ही इनोवा कार को ले उड़ा।
पुलिस ने जिप्सी से पीछा करना शुरू कर दिया तो कुछ दूर जाकर आरोपी ने मारुति इको कार में टक्कर मार दी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
जब्त कार को लेकर भागने के आरोप में ट्रैफिक पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करके आरोपी संजीव शर्मा (35) को सोमवार कड़कड़डूमा अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दूसरी चाभी से कार लेकर भागा
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात अजीत विहार, कमालपुर बुराड़ी निवासी संजीव शराब के नशे में वजीराबाद रोड से बुराड़ी की ओर इनोवा कार लहराते हुए चला रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने वजीराबाद पुल पर उसे रोक लिया।
ट्रैफिक पुलिस के एएसआई श्याम सिंह ने संजीव की हालत को देखते हुए चालान करके कार जब्त कर ली। सिपाही पवन ने कार की चाबी लेकर संजीव से कार से सामान निकालने के लिए कहा। आरोप है कि संजीव कार में घुसा और दूसरी चाबी से कार स्टार्ट करके भाग निकला।
श्याम व अन्य स्टाफ ने उसका पीछा शुरू कर दिया। इस बीच सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर संजीव ने रिंकू की ईको कार में टक्कर मार दी। दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों और रिंकू की शिकायत पर संजीव के खिलाफ टक्कर मारने और कार चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया।