गर्भवती बहू को करंट लगाकर मारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरीदाबाद में नहर पार की भारत कॉलोनी में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने दहेज के लिए करंट लगा कर मारा है।
परिजनों ने पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर शुक्रवार रात प्याली चौक पर जाम लगाकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और पति, सास व देवर को गिरफ्तार कर लिया लेकिन परिजनों की नाराजगी कम नहीं हुई।
उन्होंने शनिवार दोपहर फिर से वहीं पर जाम लगा दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
'हैलो, तुम्हारी बहन को करंट लगा है'
घटना शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे सामने आई। न्यू जनता कॉलोनी सोनू ने बताया कि उसकी बहन मंजू रानी (22) की शादी फरवरी 2013 में नहर पार की भारत कॉलोनी में रहने वाले ईश्वर से हुई थी।
ईश्वर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह मोबाइल रिपेयरिंग भी करता है। सोनू के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब सात बजे उसके पास मंजू के पड़ोसी का फोन आया, जिसने बताया कि मंजू को करंट लग गया है।
सोनू का आरोप है कि जब वह परिजनों के साथ वहां पहुंचा तो मंजू जमीन पर पड़ी थी लेकिन उसके पास कोई भी ससुराल वाला नहीं था।
मुंह पर थे कपड़े से बांधने के निशान
वह मंजू को लेकर एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचा जहां से उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन बीके अस्पताल में डॉक्टरों ने मंजू को मृत घोषित कर दिया।
सोनू का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही उसकी बहन की हत्या की है, क्योंकि जब वह मौके पर पहुंचा तो मंजू के मुंह पर किसी कपड़े से बांधे जाने के निशान थे। उसके कपड़े फटे हुए थे और आंखों पर चोट के निशान थे।
मृतका के भाई सोनू का आरोप है कि जब वह शुक्रवार रात परिजनों के साथ पुलिस के पास कार्रवाई के लिए पहुंचा तो पुलिस ने लापरवाही दिखाते हुए सुबह कार्रवाई करने की बात कही और उन्हें भगा दिया। इसके बाद गुस्साए परिजन न्यू जनता कॉलोनी आ गए और रात में करीब 10:30 बजे जाम लगा कर हंगामा किया।
15 दिन पहले भी लगा था करंट
इसके बाद पुलिस की नींद खुली और आनन-फानन में कार्रवाई की गई। लेकिन शनिवार को भी परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर दोपहर में करीब 12:30 फिर से जाम लगा दिया।
भाई सोनू का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले भी मंजू को टीवी से करंट लगा था। उसके बाद करीब 5-6 दिनों तक मायके में रहकर उसने इलाज कराया था।
सोनू ने बताया कि मंजू की मौत के बाद शुक्रवार रात उसकी छोटी बहन ने बताया कि 15 दिन पहले ससुराल वालों ने मंजू को करंट लगाया था, लेकिन घर में विवाद व झगड़े से बचने के लिए मंजू ने अपने भाई सोनू को कुछ नहीं बताया। उसने यह बात केवल छोटी बहन को बताई थी।
जन्मदिन से 2 दिन पहले मिली मौत
आरोप है कि पति ईश्वर अपनी मोबाइल शॉप करना चाहता था इसलिए वह बार-बार मंजू से करीब तीन लाख रुपये अपने मायके से लाने का कहता था।
मंजू के भाई सोनू ने बताया कि आगामी 4 अगस्त को मंजू का जन्म दिन है। मायके वाले मंजू को जन्मदिन पर बुलाने वाले थे और रक्षा बंधन तक मंजू मायके में ही रहने वाली थी। लेकिन इससे पहले ही यह घटना हो गई।
थाना भूपानी पुलिस का कहना है कि सोनू की शिकायत पर शुक्रवार रात को ही कार्रवाई करते हुए पति ईश्वर, देवर रॉकी और सास किशनवती को गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन मृतका के मायके वालों ने गिरफ्तारी के बाद भी जाम लगा दिया। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।