पति की मौत के दो दिन बाद पत्नी ने भी लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के जैतपुर इलाके में एक दर्दनाक घटना में 30 साल के रवि राय के फांसी लगाने के बाद 28 साल की उसकी पत्नी माला राय ने भी शनिवार को फांसी लगाकर मौत को अपने गले लगा लिया।
अभी माला के पति की चिता की आग भी ठंडी नहीं हुई थी कि उसने भी जान दे दी। दोनों मामलों में पुलिस को इनके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। दंपति के इस कदम से उनके तीन मासूम अनाथ हो गए।
घटना के बाद से रिश्तेदारों का रोते-रोते बुरा हाल है। पुलिस ने माला राय का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स मोर्चरी भेज दिया है।
दो दिन पहले पति ने लगाई थी फांसी
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले रवि और माला अपने बच्चों के साथ बी-2/340, जेजे कालोनी, मदनपुर खादर में रहते थे।
इनके परिवार में तीन बेटे देवाशीष राय (14) अभिजीत राय (11) और अंश राय (7) हैं। रवि और माला का अपना ही मकान है। रवि दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
बृहस्पतिवार शाम को रवि ने अपने घर में पंखे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पति के इस कदम से माला गहरे सदमे में चली गई। एम्स में पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को रवि का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
माला की मौत से मचा कोहराम
पति की मौत के बाद माला ने अन्न और जल त्याग दिया। परिवार ने उसे समझाने की भी बहुत कोशिश की, लेकिन शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे उसने अपने कमरे में कुंडी लगाकर पंखे के सहारे फांसी लगा ली।
रवि की मौत की खबर सुनकर आए परिवार को जब माला की भी मौत का पता चला तो घर में कोहराम मच गया। मामले की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
माता-पिता की मौत से तीनों मासूम का रोते-रोते बुरा हाल है। परिजन उन्हें दिलासा देने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस को दोनों के ही खुदकुशी के मामले में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने अभी तक दोनों के खुदकुशी करने के कारणों का खुलासा भी नहीं किया है।
तीनों मासूमों का क्या होगा?
माला के भाई अजय राय और बहन शिवानी का रोते-रोते बुरा हाल था। सात साल का मासूम अंश तो बस अपनी मां को याद किए रोए जा रहा था। किसी को यकीन नहीं आ रहा था कि हंसता खेलता परिवार एक पल में बिखर जाएगा।
माला और रवि के परिजन तीनों मासूमों को संभालने का प्रयास कर रहे थे। सभी को तीनों मासूमों के भविष्य की चिंता सता रही थी।
माला की बहन शिवानी ने बताया कि परिवार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उसकी दीदी जीजा की मौत के बाद इतना सख्त कदम उठा लेगी। लेकिन दीदी के कदम से पूरा परिवार बुरी तरह टूट गया है। माला के भाई अजय ने बताया कि ऐसा कुछ भी नहीं था कि रवि सुसाइड जैसा कदम उठाता। पिछले कुछ दिनों से वह परेशान जरूर था।