चोरी के विरोध पर की चौकीदार की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के पहाड़गंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने नेपाली चौकीदार की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके साथी को घायल कर दिया। घायल चौकीदार के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार पहाड़गंज के नेहरू मार्केट में पान और गुटके का थोक कारोबार है। यहां के दुकानदारों ने अपनी दुकानों की पहरेदारी के लिए दो नेपाली चौकीदार भगत शाह (60) और करण बहादुर को रखा था।
सीसीटीवी के जरिए हो रही जांच
बुधवार रात दोनों चौकीदार इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दोनों ने कुछ लोगों को एक दुकान का ताला तोड़ते हुए देखा। भगत शाह ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने दोनों चौकीदार पर रॉड से हमला कर दिया। हाथ पर रॉड लगते ही करण शोर मचाता हुआ भागा।
बताया गया है कि बदमाशों ने भगत शाह के सिर पर रॉड से कई बार हमला किया। करण ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस लहूलुहान भगत शाह को अस्पताल ले गई, जहां जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मूल रूप से विराट नगर (नेपाल) का रहने वाला भगत शाह पहाड़गंज के संगतराशन इलाके में साथियों के साथ किराये के मकान में रहता था। पुलिस ने बुजुर्ग चौकीदार के परिजनों को सूचना दे दी है।