पत्नी, साले और ससुर की हत्या कर की खुदकुशी
दिल्ली के अलीपुर के बख्तावरपुर गांव में बुधवार दोपहर ससुराल पक्ष से नाराज एक युवक ने ससुर, साले और पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी।
लोगों से घिरता देख युवक ने पिस्टल व तमंचे से अपने सिर में दो गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को युवक के पास से एक पिस्टल, तमंचा, दो मैगजीन और एक चाकू मिला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
बाहरी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपनी मर्जी से पत्नी चली गई थी मायके
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बरौला गांव, सेक्टर-49 नोएडा निवासी सोनू चौहान (28) की वर्ष 2010 में बख्तावरपुर निवासी पूनम से शादी हुई थी। पिछले कुछ दिनों से सोनू की अपनी ससुराल वालों से किसी बात पर अनबन चल रही थी।
वह पत्नी को मायके नहीं जाने दे रहा था। उसके साले तरुण सिंह (25) की 20 जून की शादी होनी थी। सोमवार को तरुण अपनी बहन को लेने के लिए नोएडा पहुंचा।
बताया गया है कि सोनू की मर्जी के खिलाफ वह अपनी बहन पूनम को बख्तावरपुर ले आया, लेकिन सोनू ने अपने ढाई साल के बेटे को पूनम के साथ जाने नहीं दिया।
दौड़ा-दौड़ा कर मारी गोली
बुधवार दोपहर करीब 12:00 बजे सोनू योजना के तहत हथियारों से लैस होकर अपनी सेंट्रो कार से बख्तावरपुर पहुंचा। घर से आधा किलोमीटर पहले पल्ला रोड पर कार रोकने के बाद सोनू ने तरुण को फोन कर पूनम को साथ लेकर आने को कहा।
तरुण अपनी एस्टीम कार से पूनम को लेकर वहां पहुंचा। तरुण और पूनम कार में बैठे थे। इसी बीच सोनू ने पिस्टल और तमंचा निकालकर दोनों पर फायरिंग कर दी। पूनम के सिर में दो गोली लगीं।
तरुण ने कार से उतरकर भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूर पीछा कर सोनू ने उसके भी सिर में गोलियां मार दीं। इसके बाद सोनू अपनी कार से ससुराल पहुंचा। शादी होने के कारण घर मेहमानों से भरा था। पूनम का पिता भोपाल सिंह (55) उनके लिए कढ़ाई पर खाना बनवा रहा था। घर पहुंचते ही सोनू ने ससुर के सिर में दो गोलियां मार दीं।
सास और बड़े साले को मारना चाहता था
इसके बाद उसने पूनम के बड़े भाई तेजेंद्र सिंह उर्फ बबलू (32) और मां राजो देवी को आवाज लगाकर बुलाया, लेकिन डर की वजह से कोई सामने नहीं आया। इस बीच जब लोगों ने सोनू को घेरने की कोशिश की तो सोनू ने एक हाथ में पिस्टल व दूसरे हाथ में तमंचे लेकर अपनी दोनों कनपटी पर रखकर गोली चला दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस सोनू व भोपाल को राजा हरीशचंद्र अस्पताल लेकर पहुंची, जबकि पूनम व तरुण को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की मानें तो शुक्रवार को तरुण की शादी होने वाली थी। यहां से बारात मेरठ के ढिकौली गांव में जानी थी। वारदात के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
ढाई साल के बच्चे का छिन गया संसार
सोनू चौहान और पूनम के ढाई साल के बच्चे का पूरा संसार उजड़ गया। परिवार के लोगों को रोते देखकर वह भी गुमसुम एक कोने में खड़ा था। दो दिन पहले पूनम अपने मायके बख्तावरपुर दिल्ली चली गई थी, लेकिन बच्चा दादी के पास ही रह गया था।
घर के सामने खाट पर बैठे लोग बताने लगे कि आसपास के हमउम्र लड़कों की तरह सोनू शराब भी नहीं पीता था। फिर भी इस तरह की घटना कैसे हो गई।
घर में मौजूद बूढ़ी मां को गांव के लोगों ने शाम तक कुछ नहीं बताया, लेकिन जब घर में महिलाएं जमा होने लगीं तो उन्हें शक हुआ। जैसे ही पता चला कि बेटा इस दुनिया में नहीं रहा तो फिर उनके आंसू नहीं थम रहे थे।