सतना: कारगिल ढाबे पर आधी रात युवकों का तांडव, तलवार-बेसबॉल बैट से हमला कर चार कर्मचारियों को किया घायल
सतना के रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबे पर सामान देने से इनकार करने पर नशे में धुत युवकों ने कर्मचारियों पर तलवार, बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में चार कर्मचारी घायल हुए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है।
विस्तार
मध्य प्रदेश के सतना जिले में रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबे पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। ढाबा बंद होने के कारण कर्मचारियों ने आइसक्रीम, सिगरेट, अंडाकरी और डिस्पोजल देने से मना कर दिया तो गुस्साए युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार, बेसबॉल बैट, लाठी-डंडों और बेल्ट से कर्मचारियों की पिटाई की और ढाबे में जमकर तोड़फोड़ की। इस हमले में चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
आइसक्रीम और सिगरेट नहीं देने पर भड़के युवक
जानकारी के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे कुछ युवक कारगिल ढाबे पर पहुंचे थे। उस समय ढाबा बंद हो चुका था। कर्मचारियों ने युवकों को बताया कि अब सामान नहीं मिलेगा और उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा। हालांकि, नशे में धुत युवक आइसक्रीम, सिगरेट, अंडाकरी और डिस्पोजल देने की मांग पर अड़े रहे। कर्मचारियों के इनकार करने पर आरोपी भड़क गए और ढाबे के अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
पढे़ं: 907 करोड़ की लागत से बना उज्जैन-बदनावर फोरलेन 18 महीने में उखड़ा, सांसद फिरोजिया ने गडकरी से की शिकायत
चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
अचानक हुए हमले में ढाबे के चार कर्मचारी सुनील अहिरवार, सूरज सिंह गौड़, अंकित अहिरवार और निखिल अहिरवार घायल हो गए। हमलावरों ने कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
ढाबा संचालक ने बताए हमलावरों के नाम
ढाबा संचालक रमेश सिंह उर्फ मिंटू के मुताबिक, हमले में अंकुर सिंह, अमान खान और सैफ खान समेत करीब आधा दर्जन युवक शामिल थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सैफ खान महिंद्रा एजेंसी में कर्मचारी है, जबकि अमान खान रॉयल एनफील्ड बुलेट की पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा है। हमलावरों में से एक युवक बुलेट से ढाबे पर पहुंचा था। रमेश सिंह ने बताया कि वह रात करीब 2:30 बजे घर चले गए थे। इसके बाद रात करीब 3:10 बजे कर्मचारियों ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
कोलगवां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और हमले में उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

