डीयू में दलित छात्र का उत्पीडन, सीनियर ने फेसबुक पर लिखी आपत्तिजनक बातें
राजधानी में एक दलित छात्र ने कॉलेज के एक सीनियर पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उत्पीड़न का मामला डीयू का है और पीड़ित छात्र लॉ कैंपस में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा है।
पीड़ित ने शिकायत में आरोप लगाया है कि थर्ड ईयर में पढ़ने वाले एक सीनियर ने सार्वजनिक रूप से उसे जाति सूचक शब्द से संबोधित किया और फेसबुक पर जाति से जुड़ी गलत बातें लिखी।
पीड़ित छात्र ने फेसबुक पर लिखे गए कुछ कमेंट्स को सबूत के तौर पर पुलिस को मुहैया करवाया है। छात्र की शिकायत पर मौरिस नगर थाना पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्र न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के तैमूर नगर में परिवार सहित रहता है। उसने इसी साल दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ कैंपस में दाखिला लिया है।
सीनियर छात्र शुरू से ही करता रहा है परेशान
पुलिस को दिए शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि आरोपी सीनियर ने कॉलेज के शुरू के दिनों से ही उसे परेशान करना शुरू कर दिया। सार्वजनिक रूप से छात्रों के सामने वह उसे जाति सूचक शब्द कहकर अपमानित करता था। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ बदसलूकी की।
शिकायत में उसने बताया कि वह सोशल एक्टिविस्ट है और फेसबुक पर सक्रिय है। उसके करीब 34 सौ फॉलोअर हैं। आरोपी फेसबुक पर जाति से जुड़ी अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उसे और उसके परिवार को बेइज्जत किया।
25 अप्रैल को आरोपी ने उसको धमकी देते हुए प्रताड़ित करते रहने की बात कही। सीनियर छात्र से परेशान होकर उसने मौरिस नगर थाने में उसकी शिकायत की। पुलिस ने रविवार को एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज कर लिया और जांच की जिम्मेदारी एसीपी को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित छात्र के फेसबुक से कुछ मैसेज डिलीट किए गए हैं। पुलिस ने फेसबुक कंपनी को पत्र लिखकर डिलीट मैसेज का ब्योरा मांगा है। साथ ही नोटिस भेजकर आरोपी छात्र को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।