नेशनल कबड्डी प्लेयर की हत्या करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव पुलिस के पालमविहार सीआईए के हाथों आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुड़गांव पुलिस ने रोहतक में नेशनल कबड्डी प्लेयर की हत्या के आरोपी 5 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
मालूम हो कि हरियाणा के रोहतक में नेशनल कबड्डी प्लेयर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
गुड़गांव पुलिस ने हत्यारों को पकड़कर पूछताछ की है और उन्हें पेशी के लिए अदालत ले जाया जा रहा है जहां पुलिस इन पांचों की रिमांड की मांग करेगी। पांचों आरोपियों में से एक तो 50 हजार का इनामी बदमाश भी है।
गुड़गांव में भी चलाते थे गैंग
मालूम हो कि कबड्डी प्लेयर की हत्या रोहतक-लाढ़ौत रोड पर अंजाम दी गई थी। मृतक प्लेयर का नाम धामड़ गांव निवासी दीपक हुड्डा था। दीपक की हत्या के आरोप में पकड़े गए पांचों आरोपियों का नाम पानीपत निवासी राकेश, सोनीपत निवासी अनिल, जींद निवासी अनिल, रोहतक निवासी अंकित और परविंदर है।
इनमें से राकेश 50 हजार का इनामी बदमाश है। ये पांचों गुड़गांव में गाड़ियां चुराने और लूटने वाला गिरोह चलात हैं। इनकी गिरफ्तारी दीपक हुड्डा की हत्या के मामले में ही की गई है।
गुड़गांव पुलिस ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना रोहतक पुलिस को भी दे दी है। जानकारी के अनुसार रोहतक पुलिस इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। इसके साथ ही ये पांचों अन्य कई मामलों का भी खुलासा कर सकते हैं।
बहाने से प्लेयर को ले गए थे रोहतक
दीपक की हत्या की घटना कुछ इस तरह अंजाम दी गई। 15 मार्च को दीपक अपने दोस्त के साथ बैठा था। इस दौरान दो अन्य युवक आए और गन्ने लाने की बात कहकर उसे अपने साथ रोहतक ले गए।
जहां वह रोहतक-लाढ़ौत रोड पर घायल अवस्था में मिला और पीजीआई ले जाते हुए उसने दम तोड़ दिया। उसके सिर में गोली लगी थी। बताया जा रहा है कि दीपक घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा तड़पता रहा।
उसने अपने भाई कालू को खुद फोन कर घटना के बारे में बताया। कालू और परिवार वाले तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और उसे पीजीआई ले गए, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि 23 वर्षीय दीपक नेशनल लेवल पर हरियाणा स्टाइल कबड्डी खेलता था और एमडीयू यूनिवर्सिटी की कबड्डी टीम का कप्तान है।