किरायेदार ने बंद कमरे में की बच्ची से रेप की कोशिश
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक ने विधवा की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। हालांकि पुलिस इसे छेड़छाड़ का मामला बता रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र में विधवा महिला अपने बच्चों के साथ रहती है। उसने कुछ दुकान बनाकर गांव के ही कुछ युवकों को किराए पर उठा रखा है।
आरोप है कि बुधवार को एक किराएदार युवक विधवा की 11 साल की बच्ची को पत्नी की मदद करने की बात कहकर अपने घर ले गया और कमरा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा।
दरवाजा तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला
बच्ची के शोर मचाने पर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी पीछे के दरवाजे से भाग गया। ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो बच्ची को बदहवास हालत में पड़ा पाया।
बच्ची को पुलिस स्टेशन ले जाया गया और जहां से उसे मेडिकल के लिए भेज दिया है।
परिजनों की ओर से आरोपी के खिलाफ कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी गई है। उधर, एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि यह मामला दुष्कर्म के प्रयास का नहीं है। बल्कि बच्ची के साथ छेड़छाड़ का है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।