खुद ही रची खुदकुशी की साजिश, सुसाइड नोट छोड़कर हो गया लापता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस उत्पीड़न का आरोप लगाकर सुइसाइड नोट छोड़कर घर से लापता हुआ युवक नाटकीय तरीके से शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा वापस आ गया। परिजन युवक को राजस्थान के भिवाड़ी से ले आए और नॉलेज पार्क पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने उसे हिरासत में ले रखा है। जल्द ही युवक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई हो सकती है। वहीं इस मामले में नॉलेज पार्क थाना प्रभारी संजय वर्मा को एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने पहले ही लाइन हाजिर कर दिया है।
गौरतलब है कि पिछले रविवार को मोमनाथल गांव निवासी बबलू उर्फ ईश्वर घर पर सुइसाइड नोट छोड़कर लापता हो गया था। नोट में उसने पुलिस की प्रताड़ना से परेशान होकर यमुना नदी में कूदकर जान देने जाने की बात लिखी थी।
जेल भेजे जाने के डर से भाग गया था
जिसके बाद परिजन सोमवार को तहसील दिवस पर आला अधिकारियों से शिकायत की थी। पिछले पांच दिनों से लापता युवक का सुराग बृहस्पतिवार को ही लग गया था। बृहस्पतिवार को घरवालों को रिश्तेदार ने राजस्थान के भिवाड़ी से फोन कर बबलू के वहां होने की जानकारी दी थी।
इसके बाद परिजन राजस्थान जाकर उसे वापस घर ले आए। पिता ने कहा कि बबलू जेल भेजे जाने के डर से भाग गया था। उन्होंने बेटे को पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में देर शाम तक पुलिस कार्रवाई में लगी थी। और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है।
युवक लूट के आरोप में पहले भी जेल जा चुका है। उसने बचने के लिए आत्महत्या का नाटक रचकर पुलिस को गुमराह किया है। इससे पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी पर पहले से कार्रवाई कर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है।
- धर्मेंद्र सिंह, एसएसपी