एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने 7 बार मारा था चाकू, लड़की ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
दिल्ली के शाहदरा के मानसरोवर पार्क इलाके में एकतरफा प्यार में सनकी आशिक के हमले का शिकार युवती की जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सनकी आशिक आदिल उर्फ मुन्ने खान (22) ने बुधवार शाम को सरेराह रिया उर्फ चारु चाकू मार दिए थे। वह एयर होस्टेस का कोर्स कर रही थी। उसके हाथ, कमर और पेट में कुल सात जगह चाकू लगे थे।
परिवार की मानें, तो पिछले करीब डेढ़ साल से आरोपी रिया को परेशान कर रहा था। मार्च में उसकी लिखित शिकायत भी की गई थी। लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने बृहस्पतिवार जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में रिया के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मानसरोवर पार्क थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी आदिल उर्फ मुन्ने की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, रिया परिवार के साथ 1/4600, राम नगर, शाहदरा में रहती थी। इसके परिवार में पिता गिरवर सिंह गौतम, मां सुमित्रा, दो भाई अवनीश, आशीष और दो बहन पूनम व कोमल है। गिरवर सिंह मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में लैब असिस्टेंट हैं। वहीं, रिया ने हाल में एक नामी एयर हॉस्टेस संस्थान से अपना कोर्स पूरा किया था।
रिया की बहन कोमल ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5.10 पर रिया मैगी लाने की बात कर घर से निकली थी। इस बीच घर से करीब 100 कदम की दूरी पर आदिल नामक युवक उसे मिला। आदिल ने शुरूआत में उससे कुछ बातचीत की, लेकिन चंद ही मिनटों में आदिल ने चाकू निकालकर रिया पर हमला कर दिया। रिया चिल्लाती हुई जान बचाने के लिए पास में एक फोटो स्टूडियो में घुस गई। आरोपी वहां भी अंदर घुस गया।
फोटो स्टूडियो में घुसकर रिया पर किया चाकू से हमला
आरोपी ने अनिल फोटो स्टूडियो में घुसकर रिया पर चाकू के कई वार किए। बाद में वह फरार हो गया। इधर खबर मिलते ही कोमल मौके पर पहुंची, वह अपने भाई की मदद से ई-रिक्शा में डालकर रिया को जीटीबी अस्पताल ले गई। वहां इलाज के दौरान देर रात करीब 12.15 बजे रिया की मौत हो गई।
रिया के हाथ, कमर और पेट में सात चाकू लगे थे। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। जिसमें आरोपी आदिल बेरहमी से रिया की चाकू घोंपकर हत्या करते हुए दिखाई दे रहा है, जिसके बाद वह फरार हो गया। मानसरोवर पार्क थाना पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
नुपुर प्रसाद, शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी आदिल के खिलाफ मानसरोवर पार्क थाने में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।