सीआरपीएफ का सहायक कमांडेंट फंदे से झूला, आत्महत्या के लिए खुद को बताया जिम्मेदार
- सीआरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र की घटना
- पोस्टमार्टम के बाद शव कर्नाटक भेजा
विस्तार
कादरपुर सीआरपीएफ केंद्र में मंगलवार रात सहायक कमाडेंट (प्रशिक्षु) ने फंदे से लटककर जान दे दी। बादशाहपुर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद सीआरपीएफ ने शव को कर्नाटक भेज दिया।
58, रेवेन्यू कॉलोनी, बेलगाम (कर्नाटक)निवासी मोहम्मद एम अंसारी (31) चौदह माह पहले सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट के पद पर प्रशिक्षण के लिए गुड़गांव आया था। वह यहां 231 नंबर कमरे में रहता था। बुधवार सुबह प्रशिक्षण के लिए सब बाहर आए, लेकिन मोहम्मद एम अंसारी का कमरा नहीं खुला।
साथियों ने उसे आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई आहट नहीं हुई
साथियों ने उसे आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई आहट नहीं होने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर अंसारी अलमारी के कुंडी से होते हए पंखे के हुक से डोरी का फंदा बनाकर लटका था। सूचना पर पुलिस पहुंची। उसे घटनास्थल से सुइसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा था कि आत्महत्या करना गलत है पर वह कर रहा है।
इसके लिए वह खुद जिम्मेदार है। सीआरपीएफ के आईजी ने परिवार वालों को जानकारी दी, जिसके बाद उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया। इसके बाद सीआरपीएफ के लोग शव कर्नाटक ले गए। पुलिस ने अंसारी के साथ प्रशिक्षण लेने वाले सहायक कमांडेंट अजय त्रिपाठी के बयान पर लेकर पूरी कार्रवाई की।