ऑटो से बसों का पीछा कर देते थे लूट की वारदात को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने चलती बसों में लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश ऑटो से बसों का पीछा करते थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
गिरोह के बदमाश वारदात के दौरान पीड़ित के विरोध करने पर उन्हें चाकू मारने से भी नहीं हिचकिचाते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से लूटपाट के बारह मामले सुलझाने का दावा किया है।
पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि इलाके में चलने वाली बसों में बढ़ती लूटपाट देखते हुए राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने बदमाशों पर निगरानी रखनी शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस को पता चला कि बदमाश ऑटो से बसों का पीछा करते हैं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। बृहस्पतिवार को राजौरी गार्डन थाना प्रभारी राकेश त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ईएसआई अस्पताल के पास घेराबंदी की।
पुलिस ने पीछा कर किया गिरफ्तार
पुलिस ने एक बस के पीछे दो ऑटो जाते हुए देखे। पुलिस टीम ने दोनों ऑटो को रोका और उसमें सवार लोगों की तलाशी ली। उनके पास से पुलिस को दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और दो लैपटॉप मिले।
पुलिस ने दोनों ऑटो में सवार छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मंगोलपुरी निवासी विक्टर जेम्स (44), मोहम्मद इस्तियाक (27), सुल्तानपुरी निवासी शमीम (40), सुमित (26), शकूरपुर निवासी राजकुमार (36) और लक्ष्मण (29) के रूप में हुई।
पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना विक्टर है। उसपर पहले से लूटपाट के 15 मामले दर्ज हैं। गिरोह के बदमाश पंजाबी बाग से मायापुरी के बीच बसों का पीछा कर वारदात को अंजाम देते थे।