एक मजदूर के खाते में जमा हुए 8 करोड़, जांच हुई तो खुला 600 करोड़ के घपले का राज
फ्लैग : नोएडा सेक्टर-51 के एक्सिस बैंक में कालेधन का मामला
हेडिंग: चांदनी चौक के ट्रेडर के खाते में गए 600 करोड़
आयकर विभाग की टीम को मिले अहम सबूत, जल्द होगी पूछताछ
विस्तार
सेक्टर-51 की एक्सिस बैंक की शाखा से गरीबों के नाम खुलवाए गए खातों के जरिये 8 नवंबर के बाद 600 करोड़ रुपये चांदनी चौक के एक बडे़ ट्रेडर के खाते में जमा होने की जानकारी मिली है। सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग ने सबूत जुटाकर ट्रेडर से पूछताछ की तैयारी कर ली है जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
15 दिसंबर को नोएडा एक्सिस की शाखा में आयकर विभाग ने छापेमारी की थी। शुरू में दो खातों से लेनदेन हुआ। इसके बाद गरीबों के खातों से होते हुए चांदनी चौक के ट्रेडर के खाते में 600 करोड़ पहुंचे तो आयकर की टीम सतर्क हो गई।
आयकर अफसरों ने लगातार इस शाखा और चांदनी चौक के ट्रेडर पर नजर रखनी शुरू की तो कुल 32 खाते सामने आए। इसके बाद बैंक पर छापेमारी की गई। आयकर विभाग की टीम दो दिन में आला अफसरों को जांच रिपोर्ट देगी। इसके बाद ट्रेडर पर कार्रवाई होगी।
नंदू के खाता खोलने के पीछे इसी ट्रेेडर का हाथ
सूत्रों के अनुसार, चांदनी चौक के ट्रेडर पर संदेह है कि कहीं कालेधन को सफेद करने के लिए दिल्ली के नंदू पासवान के नाम से फर्जी कंपनी के खाते खोले गए थे। नंदू पेशे से मजदूर है।आयकर विभाग की माने तो शुरू में चार करोड़ की रकम का लेनदेन हुआ था, लेकिन 8 नवंबर के बाद यह लेनदेन 14 करोड़ तक पहुंच गया।
इनमें नंदू के पते के रूप में बिहार की आईडी का प्रयोग किया गया। नंदू दिल्ली के पीतमपुरा में ही केबल कारोबारी अन्नू पाहुजा के पास 2012 से काम कर रहा था। अन्नू उसे आठ हजार रुपये वेतन देता था।
15 दिसंबर को सुबह अन्नू के ऑफिस पर आयकर अफसरों की टीम आई तो पूरी घटना की जानकारी मिली। नंदू के खाते हिमांशी इंटरप्राइजेज के नाम से खोले गए थे और उसी को प्रोपराइटर बनाया गया था।