Coronavirus: दिल्ली का ये इलाका बन सकता है नया हॉटस्पॉट, जाकिर नगर और ओखला पर भी नजर
- किशनकुंज में मंगलवार को एक व्यक्ति की मौत के बाद मामला गहराया
- तब्लीगी जमात के लोगों के संपर्क में होने की आशंका के कारण जाकिरनगर, शाहीन बाग, ओखला को लेकर प्रशासन सक्रिय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली का किशनकुंज इलाका कोरोना का नया हॉटस्पॉट हो सकता है। मंगलवार को एक बुजुर्ग की मौत के बाद यह इलाका कोरोना के लिहाज से संवेदनशील हो गया है। इसे देखते हुए मृत व्यक्ति के घर के आसपास के पूरे इलाके को प्रशासन ने सील कर दिया है।
इसके साथ-साथ जाकिर नगर और ओखला इलाके पर भी प्रशासन की सख्त नजर है। तब्लीगी जमात के कुछ लोगों के इस इलाके में होने की संभावना ने इस इलाके को भी कोरोना के हॉटस्पॉट होने की संभावित लिस्ट में डाल दिया है।
इन सभी क्षेत्रों को संक्रमणमुक्त करने का अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। शुक्रवार से इन इलाकों में सबसे ज्यादा सैंपलिंग की जाएगी, जिससे कोरोना पॉजिटिव केसों की सही जानकारी मिल सके।
जानकारी के मुताबिक किशनकुंज में मृतक का बेटा और बहू फरवरी के अंतिम सप्ताह में हनीमून मनाने के लिए इंडोनेशिया गए थे। वहां एक हफ्ते रहने के बाद वे हिंदुस्तान लौट आए। लेकिन आने से पहले वे कोरोना की चपेट में आ गए थे।
देश लौटने के बाद उनके पिता उनसे संपर्क में आए जिससे उन्हें कोरोना हो गया। पहले से ही बीमार चल रहे पिता की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। अब इस परिवार से संपर्क में आने वाले सभी संभावित लोगों को खंगाला जा रहा है क्योंकि उनके ही कोरोना संक्रमण के घेरे में आने की संभावना बढ़ गई है।
इसके पहले दिलशाद गार्डन तब पूर्वी दिल्ली का हॉटस्पॉट बन गई थी, जब विदेश से घूमकर भारत आई एक महिला के संपर्क में आने से मोहल्ला क्लिनिक का एक डॉक्टर संक्रमित हो गया था। इसके बाद इस इलाके में कोरोना संक्रमित होने वाले काफी लोग सामने आए थे।
हालांकि मंगलवार शाम तक इस इलाके में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या केवल सात रह गई है। अभी कुछ लोगों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
चल रहा संक्रमणमुक्त करने का अभियान
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के एमएचओ सोमा शेखर ने अमर उजाला को बताया कि दिल्ली सरकार की तरफ से उन्हें कुछ इलाकों की लिस्ट दी गई है जहां कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। इन इलाकों में सभी घरों को डिसइन्फेक्ट किया जाना है।
20 बड़े टैंकरों से और छोटी स्प्रेयर मशीनों दो स्पेशल सेनेटाइज़र युक्त रसायनों का छिड़काव सभी 64 वार्डों में कर पूरे इलाके को डिसइन्फेक्ट किया जा रहा है।
द्क्षिणी दिल्ली नगर निगम के अधिकारी राधा कृष्ण ने बताया कि उनके इलाके में निजामुद्दीन अभी तक सबसे ज्यादा संवेदनशील बना हुआ है। यहां पूरे इलाके को डिसइन्फेक्ट किया जा रहा है।
इन इलाकों को किया सील
पूर्वी दिल्ली के आठ इलाकों को सील कर दिया गया है। इनमें खिचड़ीपुर का गली नंबर-3, पांडवनगर का एच ब्लॉक, किशनकुंज का गली नंबर-4, आईपी एक्सटेंशन का मयूरध्वज अपार्टमेंट, वसुंधरा एंक्लेव का मनसारा अपार्टमेंट शामिल है। इस सभी क्षेत्रों में लगभग छह हजार लोग रहते हैं।