'बदले जाएं मुगल शासकों के नाम पर रखे सड़कों-इमारतों के नाम'
दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता अश्वनी उपाध्याय के शाहजहां रोड के नाम को बदलकर दशरथ मांझी रोड रखने की अपील के बाद विश्व हिंदू परिषद ने भी ऐसी ही मांग की है।
वीएचपी ने सभी मुगल शासकों के नाम पर रखे गए सड़कों और इमारतों के नाम बदलने की मांग की है। विश्व हिंदू परिषद के इंटरनेशनल सेक्रेटरी जनरल चंपत राय ने दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता का समर्थन किया है।
इतना ही नहीं उन्होंने मुस्लिम समुदाय से भी अपील करते हुए कहा कि वे मुगल शासकों से बिल्कुल लगाव न रखें। चंपत राय के मुताबिक किसी भी गौरवान्वित समुदाय को गुलामी के प्रतीकों के साथ नहीं जाना चाहिए।
बीजेपी नेता ने लिखा था पीएम को पत्र
उन्होंने पूछा कि औरंगजेब, बाबर, हुमायूं, अकबर और शाहजहां ने देश के लिए क्या योगदान दिया है? चंपत राय ने कहा कि इन शासकों ने केवल अत्याचार किया और लोगों को गुलाम बनाया है।
बेहतर होगा कि इन इमारतों के नामों को बदला जाए। इसे बदलना जरूरी है। वीएचपी के नेता आगे कहते हैं कि मुगल शासकों के नाम ठीक ऐसे ही बदले जाएं जैसे अंग्रेजो के नाम को हटाया गया था।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता अश्वनी उपाध्याय ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर अपील की है कि औरंगजेब रोड की तरह ही शाहजहां रोड का नाम बदला जाए।
उन्होंने अपने पत्र में मुगल शासक शाहजहां को वासना का प्रतीक बताया और कहा कि सड़क का नाम दशरथ मांझी के नाम पर होना चाहिए।