CBSE 10th-12th Result: छात्रों की आन्सर शीट हो चुकी हैं चेक, जानें कब जारी हो सकते हैं 10वीं व 12वीं के परिणाम
CBSE Board Result 2024 Date : सीबीएसई की दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई थी। दसवीं की परीक्षाएं 13 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं जबकि बारहवीं की परीक्षाएं दो अप्रैल को समाप्त हुई हैं। बोर्ड ने हर विषय के पेपर के साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू कर दिया था।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवीं व बारहवीं के 39 लाख छात्रों को अपने रिजल्ट का इंतजार है। छात्रों के रिजल्ट का इंतजार मई के पहले से दूसरे सप्ताह तक पूरा हो सकता है। दरअसल इसी दौरान सीबीएसई दसवीं व बारहवीं के रिजल्ट जारी कर सकता है। इसके लिए दसवीं की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच का काम पूरा हो चुका है। जबकि बारहवीं के चार विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम अभी जारी है। एक बार मूल्यांकन पूरा होने के बाद रिजल्ट तैयार करने के लिए बोर्ड को अंकों का संकलन करना है।
सीबीएसई की दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई थी। दसवीं की परीक्षाएं 13 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं जबकि बारहवीं की परीक्षाएं दो अप्रैल को समाप्त हुई हैं। बोर्ड ने हर विषय के पेपर के साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू कर दिया था।
मूल्यांकन कार्य से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार दसवीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तो काफी पहले ही पूरा हो चुका है। जबकि अभी बारहवीं के बिजनेस स्टडी, अकाउंटे्सी, कंप्यूटर साइंस, व इंर्फोमेशन प्रैक्टिस विषयों के मूल्यांकन का काम अभी चल रहा है। इन विषयों की परीक्षाएं मार्च के अंत व अप्रैल में हुई थी। इसलिए इनके मूल्यांकन में ही समय लग रहा है। एक सप्ताह में इनका मूल्यांकन कार्य भी पूरा कर लिए जाने की संभावना है।
चूंकि मूल्यांकन कार्य के साथ-साथ अंक भी अपलोड किए जाते हैं। ऐसे में मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद बोर्ड को रिजल्ट का संकलन करने में करीब 15 दिन का समय लगेगा। बोर्ड ने बीते साल भी मई की शुरुआत में दोनों कक्षाओं के रिजल्ट एक दिन ही जारी कर दिए थे। अभी यह तय नहीं है कि दोनों कक्षाओं के रिजल्ट एक ही दिन जारी होंगे या अलग-अलग। बोर्ड की तैयारी मई के पहले से दूसरे सप्ताह तक ही रिजल्ट निकालने की है। दरअसल 15 मई से स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा सीयूईटी की भी शुरूआत होनी है। ऐसे में उससे पहले ही बोर्ड रिजल्ट जारी करेगा। रिजल्ट को लेकर अभी बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।