बावरिया गिरोह का छठा बदमाश सहाबुल गिरफ्तार, वारदात के बाद देता था बकरे की बलि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-14ए के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हुआ बावरिया गिरोह का बदमाश सहाबुल उर्फ पिंटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने बदमाशों के साथ काम करने वाले दो किशोरों को भी हिरासत में लिया है। सहाबुल भोजपुर, गाजियाबाद का रहने वाला है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आरोपी पर 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, सहाबुल भी बुधवार शाम को डंपर में साथियों के साथ नोएडा आया था। सेक्टर-14ए के पास कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हो गई थी। इसमें तीन बदमाशों अजय बावरिया, ढालू, किशनपाल को गोली लगी थी। पुलिस ने तीनों घायलों समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था।
इस दौरान सहाबुल भागने में सफल हो गया था। बदमाशों ने ही एक सप्ताह पहले दनकौर से डंपर लूटा था और मई में सेक्टर-19 में घर के अंदर महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मनोज पंत ने बताया कि सहाबुल बहुत खतरनाक बदमाश है। कई शहरों में चोरी, लूट व डकैती की घटनाएं की है। यह हिस्ट्रीशीटर बदमाश है।
घटना करने के बाद देते थे बकरे की बलि
बावरिया गिरोह के बदमाश टोटके को मानते थे। किसी घटना को अंजाम देने के बाद ये लोग गुलावठी जाते थे। वहां सपनावत बस स्टैंड से बकरा खरीदते थे और बलि देते थे। वहीं, धौलाना मजार पर ताबीज बनवाते थे। इसके बाद पास के नहर में शराब चढ़ाकर सिगरेट जलाकर राख छोड़ देते थे। इन बदमाशों का मानना था कि ये सब करने से न तो पुलिस पकड़ेगी और अगली घटना भी अच्छे तरीके से कर सकेंगे।
मोनू सर्राफ को बेचते थे लूट के आभूषण
बदमाश लूट के आभूषण खरखौंदा, मेरठ निवासी मोनू सर्राफ को बेचते थे। मोनू सप्ताह में केवल बृहस्पतिवार को ही लूट चोरी के आभूषण लेता था। नोएडा से महिला से जितनी ज्वेलरी लूटी गई थी। उसे भी इसे बेचा गया था। पुलिस की टीम मोनू की तलाश में जुटी हुई है।
दो किशोर हिरासत में
पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े दो किशोरों को भी हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। किशोर घरों व फैक्ट्रियों की रेकी करते हैं। पुलिस गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
घुमंतू गिरोह के बदमाशों पर नकेल कसने के लिए पुलिस टीम को अलर्ट कर दिया गया है। इसी अभियान के तहत कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने पहले बहेलिया गिरोह और अब बावरिया गिरोह के बदमाशों को गिरफ्तार किया है।- डॉ. अजयपाल शर्मा, एसएसपी