बच्चों को लेकर लिफ्ट में बरतें सावधानी, इन बातों का भी रखें ख्याल
अगर आप हाईराइज बिल्डिंग में रहते हैं या काम करते हैं तो लिफ्ट में चढ़ते ही एक बार मन में आता है कि कहीं खराबी न आ जाए। यह डर स्वाभाविक हैं।
जिस तरह से लिफ्ट में घटनाएं हो रही हैं। उनको सुनकर डर लगेगा। किसी तकनीकी खराबी से अगर लिफ्ट अचानक रुक जा तो घबराएं नहीं, बल्कि धैर्य से काम लें।
ग्रेनो वेस्ट की ईको विलेज टू सोसायटी में रविवार की रात नौ साल का बच्चा लिफ्ट में फंस गया था। सोसायटी के लोगों का आरोप था कि 30 मिनट तक फंसे रहने के बावजूद बच्चे को निकालने के लिए बिल्डर की तरफ से कोई नहीं पहुंचा।
लोगों ने बिसरख कोतवाली में शिकायत भी की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाली, जिसमें बच्चा लिफ्ट के अंदर सभी बटन को एक साथ दबाता हुआ दिख रहा है।
बिल्डर का दावा है कि बच्चे के ऐसा करने से लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई और वह बंद हो गई। इसी तरह दिसंबर में साइट फोर स्थित बाइक शोरूम में लिफ्ट का तार टूटने से तेजी से नीचे आकर गिरी, जिससे तीन-चार कर्मचारी घायल हो गए।
क्या कहते हैं लिफ्ट एक्सपर्ट
लिफ्ट एक्सपर्ट आरके शर्मा कहते हैं कि एक साथ या बार-बार बटन दबाने से तकनीकी खराबी आने से लिफ्ट बंद हो सकती है। इसलिए इस तरह की गलती न करें।
हालांकि अब नई तकनीक से बनी लिफ्ट में अचानक बंद होने की घटनाएं कम हो रही हैं। अब बनने वाली लिफ्ट में अगर खराबी होती है तो वह स्वत: ही नजदीकी फ्लोर पर जाकर रुक जाएगी।
पुरानी लिफ्ट में यह तकनीक नहीं थी। इसलिए लिफ्ट में फंसे किसी व्यक्ति को तुरंत घबराने की जरूरत नहीं होती है।
लिफ्ट बंद होने पर क्या करें
- लिफ्ट बंद होने पर घबराए नहीं, 20 सेकेंड इंतजार करें
- 20 सेकेंड बाद ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस काम करना शुरू करेगा
- डिवाइस की मदद से लिफ्ट नजदीकी फ्लोर पर पहुंचकर खुल जाएगी
- आपातकालीन बटन का प्रयोग कर मांग सकते हैं सूचना
- लिफ्ट में लगे टेलीफोन का प्रयोग कर सुरक्षा गार्डों की मदद ले सकते हैं
- सायरन बटन दबने से नीचे लगा हूटर बजना शुरू हो जाएगा
- बाहर के लोग डी-लॉकिंग का प्रयोग कर लिफ्ट को खोला जा सकता है
- लिफ्ट को रोकने के लिए हाथों की जगह बटन का प्रयोग करें
लिफ्ट बंद होने पर क्या न करें
- लिफ्ट रुक जाने पर बार-बार बटन नहीं दबाएं
- लिफ्ट के दरवाजे को खुद से खोलने का प्रयास न करें
- लिफ्ट के अंदर ऊपर-नीचे उछलने से बचें
- रोकने के लिए पैर-हाथ का प्रयोग नहीं करें
बच्चों को लेकर बरते सावधानी
- छोटे बच्चों को लिफ्ट में अकेले नहीं भेजे
- बच्चों को लिफ्ट का प्रयोग करने की जानकारी दें।
- हो सके तो लिफ्ट में बच्चों के साथ जरूर जाएं।
- अकेले होने पर बच्चों को सीढ़ियों का प्रयोग करने की सलाह दें ।