AAP के स्टिंग से कांग्रेस को मिली संजीवनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के स्टिंग ऑपरेशन के बाद कांग्रेस नेता भी मैदान में कूद पड़े हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित के अलावा कई नेताओं ने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर सीधा हमला शुरू कर दिया है।
ये नेता अभी तक दिल्ली में सरकार बनाने-बिगाड़ने के प्रकरण पर बयान से दूर थे। दिल्ली में जब भी मुख्यमंत्री प्रोजेक्शन का मामला उठा तो अजय माकन का नाम भी साथ में चला।
ऐसे में दिल्ली की राजनीति पर वो आखिर कितने दिन चुप रहते। एआईसीसी में प्रेस कांफ्रेंस करके दिल्ली में विधानसभा भंग करके चुनाव की मांग कर दी। पूर्व सांसद संदीप दीक्षित न सिर्फ भाजपा को आड़े हाथ लिया बल्कि आप पर भी कांग्रेस विधायकों को सरकार बनाने के लिए प्रभावित करने का आरोप जड़ दिया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा और आप दोनों का काला चेहरा सामने आया है। एक ने सरकार बनाने के लिए विधायक खरीदने की एजेंसी दे रखी है तो दूसरा विधायक बेचने को घूम रहा है। अब जो खुलासे हुए हैं ऐसे में भाजपा कतई सरकार बनाने को आगे नहीं आएगी।
कांग्रेस ने भी उठाए अहम सवाल
जेपी अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक परिपक्वता समझें तो दिल्ली में सरकार गठन और विधायकों की खरीद फरोख्त का मामला आगामी दिनों होने वाले चार राज्यों के विधानसभा चुनाव को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने अनैतिक तरीके से विधायकों की खरीद-फरोख्त की, उसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में चुनाव ही एकमात्र विकल्प है।
स्टिंग ऑपरेशन की सत्यता की पुष्टि खुद भाजपा ने कर दी है। जो नेता विधानसभा का चुनाव लड़ चुका हो और प्रदेश का उपाध्यक्ष हो, अपनी मर्जी से इतना बड़ा फैसला कैसे ले सकता है।
इसमें वो सभी नेता शामिल हो सकते हैं जो सरकार बनाने की प्रक्रिया में शामिल हैं। मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा है कि भाजपा चुनाव से भयभीत है इसलिए इस तरह की राजनीति कर रही है।