दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका: 15 AAP पार्षदों ने दिया इस्तीफा, बागी नेताओं ने बनाई अपनी अलग पार्टी
आम आदमी पार्टी को शनिवार को एक बड़ा झटका लगा। जहां 15 पार्षदों ने पार्टी छोड़ दी और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी बनाई है। नई पार्टी का नेतृत्व मुकेश गोयल करेंगे। एमसीडी में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 15 पार्षदों ने एक साथ इस्तीफा देकर ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ बनाने की घोषणा कर दी। यह बगावत आप की आंतरिक कलह और नेतृत्व से नाराजगी का परिणाम मानी जा रही है। इस घटनाक्रम ने दिल्ली नगर निगम के राजनीतिक समीकरणों को हिलाकर रख दिया है।
आम आदमी पार्टी के लिए दिल्ली में मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। 15 पार्षदों ने एक साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ नाम से नया राजनीतिक दल बनाने का एलान किया। इस नए दल का नेतृत्व वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल करेंगे, जो पहले आप के महत्वपूर्ण नेता रहे हैं और 2021 में कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए थे।
राजनीति के जानकारों का मानना है कि आप के कुछ पार्षदों में नाराजगी थी कि पार्टी ने मुकेश गोयल को एमसीडी में नेता विपक्ष का पद नहीं सौंपा और उनकी जगह अंकुश नारंग को चुना। इसके अलावा हाल के मेयर चुनाव में आप द्वारा चुनाव का बहिष्कार करना भी पार्षदों के असंतोष का कारण बना। बागी पार्षदों ने दावा किया कि अभी उनके साथ 15 पार्षद हैं। भविष्य में और लोग नए दल में शामिल हो सकते हैं।
आप के लिए बड़ा नुकसान
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम आप के लिए बड़ा नुकसान है। 2022 के एमसीडी चुनाव में आप ने 250 में से 134 वार्ड जीते थे, लेकिन हाल में कुछ पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने और अब 15 पार्षदों की बगावत ने पार्टी की स्थिति को कमजोर कर दिया है। नए दल ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ ने दावा किया है कि वह दिल्ली के विकास को प्राथमिकता देगी और ऐसी पार्टी का समर्थन करेगी जो जनता के हित में काम करे।