इंडियन टेक्नोमैक घोटालाः मामले में तीन साल बाद दर्ज हुई एफआईआर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में पांच हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में महज एफआईआर दर्ज करने में ही तीन साल लग गए। राज्य सरकार के राजस्व, बिजली बोर्ड के बिल और बैंकों से लिए गए कर्ज की देनदारी चुकाने को लेकर हालांकि अब जाकर रास्ता साफ होने के आसार हैं।
इसके बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज करने में सालों की देरी पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह मामला वर्ष 2014 में सामने आया था। जबकि एफआईआर अब दर्ज हो रही है।
वर्ष 2008 में पांवटा साहिब के समीपवर्ती माजरा इलाके में इंडियन टेक्नोमैक नामक एक कंपनी खुली थी। आबकारी विभाग के सूत्र बताते हैं कि कंपनी का टर्न ओवर लगभग 5000 करोड़ रुपये का था।
कंपनी तय मानकों के अनुसार टैक्स नहीं दे रही थी
टैक्स अदायगी की छानबीन की गई तो पता चला कि कंपनी तय मानकों के अनुसार टैक्स नहीं दे रही थी। कंपनी ने अपना कारोबार एक राज्य से दूसरे राज्य में ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल होने वाले एफ फार्म दिए थे।
जांच पड़ताल में यह फार्म भी फर्जी पाए गए। आबकारी एवं कराधान विभाग ने बाकायदा दिल्ली में इसकी जांच पड़ताल की। इसके बाद ही यह मामला पकड़ में आया। वर्ष 2014 में कारखाना को सील कर आबकारी एवं कराधान विभाग ने सील कर दिया और रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया।
लेकिन, कंपनी प्रबंधन ने अदालत की शरण ले ली। अदालत ने याचिका खारिज कर दी। कंपनी उच्च न्यायालय में भी गई। लेकिन, वहां भी कोई राहत नहीं मिली। इतनी लंबी प्रक्रिया के बाद अब कहीं जाकर आबकारी एवं कराधान विभाग ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।
कंपनी का चेयरमैन बताया जा रहा भूमिगत
कंपनी का चेयरमैन भूमिगत बताया जा रहा है। चर्चा यह भी है कि कंपनी का चेयरमैन विदेश चला गया है। आबकारी विभाग के पास भी ऐसी ही सूचना है।
आबकारी एवं कराधान विभाग ने वर्ष 2009 से लेकर मार्च 2014 तक 2175.51 करोड़ की टैक्स रिकवरी का मामला बनाया है।
अब सवाल यह उठता है कि लगभग तीन वर्षों में यह राशि वसूल करने को सरकार ने कदम क्यों नहीं उठाए। आबकारी एवं कराधान विभाग का 21.75 करोड़, बिजली बोर्ड का 4.31 करोड़ वसूला जाना बाकी है।
जबकि लगभग 16 बैंकों से लिए गए करीब 2300 करोड़ रुपये की देनदारियां भी शेष हैं। आयकर विभाग की भी 780 करोड़ की रिकवरी बताई जा रही है। आबकारी एवं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त जीडी शर्मा के अनुसार विभाग ने मामले की एफआईआर दर्ज करवाई है। सूचना है कि चेयरमैन देश से बाहर गए हैं।