सीएम जयराम ठाकुर ने जनता के बीच बैठकर सुनी ‘मन की बात’
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने डीएवी न्यू शिमला में आयोजित कार्यक्रम में आम जनता और बच्चों के बीच बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ सुनी। इसके बाद सीएम ने राज्य के लोगों का आह्वान किया कि वे 31 अक्तूबर को सरदार बल्लभ भाई पटेल को समर्पित ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ के शुभारंभ पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लें।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की यह प्रतिमा विश्व की सबसे ऊं ची प्रतिमा है और इसे सबसे कम समय में तैयार किया गया है। सीएम ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री की अनूठी पहल है, जो देश की आम जनता को समर्पित है।
लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का यह एक बेहतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह समारोह देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी लोकप्रिय है, जिसे लोग उत्साहपूर्वक सुनते हैं और प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेते हैं। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के लिए डीएवी प्रबंधन का आभार भी जताया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र धर्माणी, मीडिया सलाहकार रोहित सावल, एपीएमसी शिमला के अध्यक्ष नरेश शर्मा, महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा, डीएवी की क्षेत्रीय निदेशक पी सोफत, प्रधानाचार्य राकेश कुमार चंदेल आदि उपस्थित थे।
कांग्रेस की चार्जशीट में कुछ खास नहीं होगा : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार के खिलाफ बनाई जा रही चार्जशीट में ऐसा कुछ भी नहीं होगा, जिसमें कोई परेशानी वाली बात हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के आरोपपत्र पहले भी बनाती आई है, मगर इनका कोई मतलब नहीं है। बाद में इनमें कुछ नहीं निकलता है।
इनमें झूठे आरोप ही होते हैं। अपनी सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य पर 27 दिसंबर को आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम पर सीएम ने कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम गणमान्य और महत्वपूर्ण हस्तियों को बुलाया जाएगा।
किस-किसको बुलाया जाना है, अभी इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जयराम ने यह बात रविवार को न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही।