कबड्डी विश्वकप का आगाज आज से, पढ़ें शेड्यूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज 5वें विश्व कबड्डी कप का रंगारंग आगाज होगा। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा इस उद्घाटन समारोह को चार चांद लगाएंगे। पंजाबी गायक शैरी मान व हर्षदीप कौर भी अपने गानों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल शिरकत करेंगे। इस बीच, उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि पंजाब सरकार कबड्डी को ओलंपिक में शामिल करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रयास कर रही है। पहले चरण में इसे कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल करवाने की कोशिश है।
15 देशों की 19 टीमें प्रतिभागी
डीसी कमल किशोर यादव ने दावा किया है कि विश्व कबड्डी कप के समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह के लिए शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी बिजी रहे।
इस बार कबड्डी विश्व कप में 15 देशों की 19 टीमें भाग ले रहीं हैं और पहला मैच गुरदासपुर में 7 दिसंबर को होगा। समापन समारोह का आयोजन गांव बादल के खेल स्टेडियम में आगामी 20 दिसंबर को होगा।
सुखबीर ने कहा कि कनाडा के खेल मंत्री और ब्रिटिश सांसदों से बात हो चुकी है। उन्होंने भी कबड्डी को कॉमनवेल्थ में स्थान दिलवाने के लिए रुचि दिखाई है। एक बार कॉमनवेल्थ में कबड्डी शामिल हो गई तो फिर एशियाड व ओलंपिक में इसे स्थान दिलाने में मुश्किल नहीं आएगी।
कुल इनामी राशि 5.27 करोड़ होगी
डीसी यादव ने बताया कि वे केंद्रीय खेल मंत्री सरवानंदा सोनोवाल को मिलकर यह मामला ओलंपिक व कॉमनवेल्थ कमेटियों के समक्ष उठाने के लिए बात करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार विश्व कप की कुल इनामी राशि 5.27 करोड़ होगी और इसमें एशिया, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, यूरोप व ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की 19 टीमें भाग लेंगी।
यह टीमें लेंगी भाग
विश्व कप के दौरान पुरुष वर्ग में 11 टीमें भाग लेंगी, जिनमें पूल-ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, इराक एवं अमेरिका होंगी। पूल बी में इंग्लैंड, पाकिस्तान, कनाडा, डेनमार्क, अर्जेंटीना व स्वीडन शामिल हैं। महिला वर्ग के पूल-ए में भारत, अमेरिका, अजरबाईजान व डेनमार्क शामिल हैं। पूल बी में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, मैक्सिको व पाकिस्तान शामिल हैं।
पुरुष विजेता टीम को दो करोड़ का पुरस्कार
पुरुष वर्ग की चैंपियन टीम को दो करोड़ जबकि उप विजेता को एक करोड़ रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 51 लाख मिलेंगे। महिला वर्ग की विजेता टीम को एक करोड़, उप विजेता को 51 लाख और तीसरे स्थान वाली टीम को 25 लाख रुपये दिए जाएंगे।
नशामुक्त बनाने के लिए एंटी डोप कमेटी गठित
सुखबीर ने बतया कि प्रतियोगिता को नशामुक्त बनाने के लिए एंटी डोप कमेटी गठित की गई है। इसके अलावा नाडा की टीमें भी विश्व कप के दौरान लगातार खिलाड़ियों की जांच करेंगी।