छात्र संघ चुनावः सोई ने लहराया परचम और चेतन बन गए पंजाब यूनिवर्सिटी के नए ‘चौधरी’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीयू छात्र संघ चुनाव में इस बार सोई ने परचम लहरा दिया है। शुक्रवार को हुए चुनाव में सोई के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार चेतन चौधरी ने 379 वोट से शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 2792 वोट मिले। 2313 वोटों के साथ एबीवीपी के पारस रतन दूसरे नंबर पर रहे। इसके अलावा एसएफएस की प्रिया तीसरी व एनएसयूआई के निखिल नर्मेता चौथे स्थान पर रहे।
बाकी तीन सीटों पर एनएसयूआई का कब्जा रहा। वाइस प्रेसीडेंट राहुल कुमार, सेक्रेटरी तेगबीर सिंह व ज्वाइंट सेक्रेटरी मनप्रीत सिंह महाल बने। इस बार सभी सीटों के लिए मुकाबला कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चुनावी माहौल सुबह नौ बजे से गर्माने लगा था। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ रहा था वैसे वैसे प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज हो रही थीं।
इस बीच दिन में माहौल बनाने के लिए सीनेट के कुछ मेंबर स्टूडेंट सेंटर पहुंचे। इसमें पंजाब के एक बड़े नेता भी आए। चुनाव जैसे ही 12 बजे खत्म हुआ तो मिले रुझान के मुताबिक सभी संगठन के नेता खुश नजर आए। सभी को उम्मीद थी कि इस बार उनकी जीत होगी। जैसे ही काउंटिंग शुरू हुई तो एबीवीपी व एसएफएस आगे चल रही थी, लेकिन आखिरी निर्णय सोई के पक्ष में आया और चेतन चौधरी अध्यक्ष बन गए।
सोई दूसरी बार पीयूसीएससी में चुनकर आई है। अध्यक्ष पद के लिए एसएफएस की उम्मीदवार प्रिया को 2271 वोट मिले। वहीं एनएसयूआई के निखिल नर्मेता को 2253 वोट मिले। दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे उम्मीदवारों के वोटों में अधिक अंतर इस बार नजर नहीं आया।
किसको कितने मिले वोट
अध्यक्ष
नाम वोट संगठन
चेतन चौधरी 2792 सोई
पारस रतन 2313 एबीवीपी
निखिल नर्मेता 2253 एनएसयूआई
प्रिया 2271 एसएफएस
नोटा 253 -
वाइस प्रेसीडेंट
दिव्या चोपड़ा 1605 एबीवीपी
राहुल कुमार 3520 एनएसयूआई
रमनदीप मरकान 2532 आईएसए
शबाना अंसारी 1400 एसएफआई
नोटा 796 -
सेक्रेटरी
गगनदीप सिंह सिद्दू 2394 पुसू
गौरव दुहान 3178 इनसो
सहजप्रीत सिंह 256 सथ
तेगबीर सिंह 3188 एनएसयूआई
नोटा 821
ज्वाइंट सेक्रेटरी
अजय नैन 932 एचएसए
धीरज ठाकुर 1545 हिमसू
करमबीर सिंह 626 सोपू
मनप्रीत सिंह महाल 3796 एनएसयूआई
रोहित शर्मा 1932 एचपीएसयू
तानिया भट्टी 350 निर्दलीय
नोटा 659 -
मैं सभी छात्रों का आभार जताता हूं, सभी ने साथ दिया। हर विभाग से मुझे वोट मिले हैं। काउंसिल में जीतना ही हमारा मकसद नहीं है, हम छात्रों के हितों के लिए काम करेंगे। फीस कम करवाने से लेकर छात्राओं की सिक्योरिटी पर काम होगा। - चेतन चौधरी, अध्यक्ष
हमें सभी विभागों का साथ मिला है। इसका मैं तहेदिल में आभार व्यक्त करता हूं। हमने जो घोषणा पत्र तैयार किया था उससे छात्र प्रेरित हुए। छात्रों का लगा कि हम ही उनकी समस्याओं का हल कर सकते हैं, इसलिए जीत मिली। हर साल बढ़ने वाली फीस को कम करवाने का कार्य किया जाएगा। - राहुल कुमार, उपाध्यक्ष
छात्रों के मुद्दों पर एक साल से एनएसयूआई काम करती आ रही थी। फीस हर साल बढ़ोत्तरी हो रही है। इसको लेकर हमने धरना दिया और भूख हड़ताल की। यही कारण रहा कि छात्रों ने साथ दिया और बड़ी जीत हासिल की। - तेगबीर सिंह, सचिव
पीयू के छात्रों ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ मतों से मुझे जिताया है, उसके लिए धन्यवाद। छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ेंगे और फीस कम करवाने से लेकर हर मुद्दे पर काम होगा। विद्यार्थियों का भरोसा नहीं टूटने देंगे। - मनप्रीत सिंह महाल, ज्वाइंट सेक्रेटरी
वोटों को लेकर सोई व एबीवीपी के समर्थकों में मारपीट, एक घायल
पीयू में वोटों को लेकर सोई व एबीवीपी के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। उसमें एक छात्र घायल हो गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आखिर में पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ा। जूलॉजी विभाग में दिन में 11 बजे वोटिंग चल रही थी। इसी दौरान एबीवीपी व सोई के नेता भी पहुंच गए।
वहां वोटरों को लुभाने का काम किया जा रहा था। आरोप है कि सोई की ओर से एक वोटर पर दबाव बनाया गया तो एबीवीपी ने विरोध दर्ज कराया। इसी को लेकर दोनों संगठनों में मारपीट शुरू हो गई। बताया जाता है कि मनवीर नामक एक व्यक्ति को सिर में चोट लगी, उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके बाद भी माहौल खराब हो रहा था। सूचना पर अन्य समर्थक भी पहुंच रहे थे लेकिन तब तक पुलिस बड़ी संख्या में पहुंच गई थी। दोनों पक्षों के समर्थकों को खदेड़ा और उसके बाद समझाया भी। कहा, आगे से ऐसा किया तो कार्रवाई होगी। किसी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।