चंडीगढ़: प्रधानमंत्री मोदी को भेजा मान कौर के इलाज का वीडियो, ‘सब कुछ तेरा फाउंडेशन’ उठाएगा खर्च
105 साल की वेटरन एथलीट मान कौर गॉल ब्लैडर कैंसर से जूझ रही हैं। इन दिनों उनका इलाज डेराबस्सी के शुद्धि आयुर्वेदिक अस्पताल में चल रहा है। इस बीच कई संस्थाओं ने भी मदद के हाथ बढ़ाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय वेटरन एथलीट मान कौर (105) का डेराबस्सी के देवी नगर स्थित शुद्धि आयुर्वेदिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। शनिवार को अस्पताल के आचार्य डॉ. मुनीष ने इलाज करवाते मान कौर का वीडियो क्लिप बनाई। उन्होंने देर शाम वीडियो क्लिप को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री तक संदेश पहुंचाया गया है कि मान कौर का आयुर्वेद से इलाज चल रहा है।
मान कौर के बेटे गुरदेव सिंह ने बताया शनिवार को मान कौर की तीन तरह की थैरेपी हुई। इनमें सुबह सिर, पैर और शरीर की मालिश की गई। इससे उन्हें काफी आराम महसूस हुआ।
खासकर पैरों की मालिश के बाद थोड़ी हलचल होनी शुरू हो गई है। इन थैरेपी से उन्होंने नई ऊर्जा महसूस की। मान कौर गॉल ब्लैडर कैंसर से जूझ रही हैं। अभी तक उनका इलाज होम्योपैथिक दवाइयों से चल रहा था लेकिन अब आयुर्वेदिक दवाइयों से किया जा रहा है।
‘सब कुछ तेरा फाउंडेशन’ उठाएगा मान कौर के इलाज का खर्च
देश-विदेश में भारत का नाम रोशन करने वाली 105 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय वेटरन एथलीट मान कौर के इलाज का खर्च अब ‘सब कुछ तेरा फाउंडेशन’ उठाएगा। यह घोषणा समाजसेवी बॉबी सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि मान कौर के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। मान कौर के बेटे गुरदेव सिंह ने इस पहल की सराहना कर कहा है कि वे बॉबी सिंह सिंह आभारी रहेंगे, जिन्होंने मुसीबत के समय उनका साथ दिया है।
समाजसेवी बॉबी सिंह ने बताया कि मान कौर 35 मेडल हासिल कर चुकी हैं, जिसमें से 25 गोल्ड मेडल हैं। इसके अलावा वह राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से भी सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। उनका स्वास्थ्य बिगड़ने पर गुरदेव सिंह ने उनसे संपर्क साधा। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर सारी स्थिति को नजदीक से देखा और डॉक्टरों से बातचीत की। उनकी सलाह पर मान कौर को डेराबस्सी के देवी नगर स्थित शुद्धि आयुर्वेदिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस अस्पताल में आचार्य मुनीष की देखरेख में मान कौर का इलाज चल रहा है।
पहले से उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार आया है। बॉबी सिंह ने बताया कि अब मान कौर बातचीत भी करती हैं और गाना भी गुनगुनाती हैं। शुद्धि आयुर्वेदिक अस्पताल के आचार्य मुनीष ने बताया कि मान कौर बहुत जल्द अपने पैरों पर खड़ी हो जाएंगी। वहीं दूसरी तरफ शुद्धि आयुर्वेदिक अस्पताल में चल रहे इलाज से मान कौर के बेटे गुरदेव सिंह संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि मां का यदि ऐसे ही ख्याल रखा गया तो काफी हद तक बेहतर परिणाम आने की संभावना है। शनिवार से पंचक्रमा भी शुरू कर दिया गया है।
बाबा गाजी दास क्लब ने दिए 51 हजार
मान कौर के इलाज के लिए बाबा गाजी दास क्लब रोडमाजरा चक्कलां (रोपड़) ने 51 हजार रुपये मदद स्वरूप दिए हैं। प्रधान दविंद्र सिंह बाजवा ने कहा कि उनका क्लब बीबी मान कौर के इलाज के लिए परिवार की हर संभव मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि बीबी मान कौर ने हमारे देश का नाम विश्व में रोशन किया है। उन्होंने केंद्र व पंजाब सरकार से मांग की है कि एथलीट बीबी मान कौर के इलाज का खर्च उठाए। यदि केंद्र या पंजाब सरकार ऐसा नहीं करतीं तो क्लब इलाज का खर्च खुद उठाएगा।
बाजवा ने कहा कि उनका क्लब खिलाड़ियों के अलावा जरूरतमंद, विधवाओं व अन्य जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए हर समय तत्पर रहता है। किसानी संघर्ष में भी क्लब ने लंगर की सेवा व आंदोलन में मृतक किसानों के परिवारों को सोने के सिक्के देने के अलावा आर्थिक सहायता दी है।