चालक को आई झपकी और ब्रेक की बजाए रेस पर रखा पैर, पेड़ से टकराई कार, 2 मौत 10 घायल
- सेक्टर-18 के राधास्वामी सत्संग भवन के पास हादसा, क्रूजर में सवार थे 14 लोग।
- दिल्ली में सत्संग में शामिल होने के बाद चंडीगढ़ लौट रहे थे सावन कृपाल आश्रम के श्रद्धालु ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पानीपत में सेक्टर-18 के पास रविवार रात करीब एक बजे चालक ने झपकी लगने पर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पैर रख दिया। इससे कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकरा गई। इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। वहीं 10 भक्त घायल हो गए जबकि दो की जान बाल-बाल बची। क्रूजर कार सवार सभी 14 भक्त सावन कृपाल रुहानी मिशन आश्रम नई दिल्ली में आयोजित सत्संग में शामिल होने के बाद रविवार की रात चंडीगढ़ लौट रहे थे।
घायलों को सिविल सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिलने से रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहा क्रूजर चालक पानीपत टोल प्लाजा पर पहुंचा तो वहां जाम लगा था। इस पर उसने यूटर्न लिया और कुछ दूर आकर सेक्टर-18 की ओर कार मोड़ दी।
इस दौरान उसे झपकी आ गई और क्रूजर राधा स्वामी सत्संग भवन के पास सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। इस हादसे में ड्राइवर की बगल की सीट पर बैठे रामलोक (65) निवासी चंडीगढ़ और उनके पीछे की सीट पर बैठीं सुमन गांधी निवासी जीरकपुर के सिर और सीने पर चोट आई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 10 भक्त भी घायल हो गए। पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
ये लोग थे क्रूजर में सवार
जीरकपुर के संत सिटी निवासी प्रीतम लाल ग्रोवर ने बताया कि वह रविवार शाम को पत्नी चंचल ग्रोवर, प्रेम कौशल राम पुत्र रामस्वरूप (54) निवासी मोहाली, वरुणा गांधी (35) पत्नी पंकज निवासी एमएस एंक्लेव, जीरकपुर, ज्योति (35) पत्नी राजकुमार निवासी चंडीगढ़, प्रोमिला (60) पत्नी परशुराम निवासी साउथ सिटी, वीआईपी रोड, जीरकपुर, आत्माराम (76) पुत्र महेंद्र राम निवासी लेवल कॉलोनी, पटियाला, ईश्वर देवी(60) पत्नी ओमप्रकाश निवासी मनसा देवी कांप्लेक्स, स्वस्तिक विहार, पंचकूला गोविंद (22) पुत्र मलखान सिंह निवासी सेक्टर-3 पंचकूला, सतीश चंद (66) पुत्र बाबूराम निवासी बरताना, एनएसी, जीरकपुर, राम लोक (65) पुत्र श्रीराम निवासी सेक्टर-50, चंडीगढ़ और सुमन गांधी (62) पत्नी सुभाष निवासी ढकोली, जीरकपुर सवार थे।
दोपहर एक बजे हुए थे रवाना
दिल्ली स्थित सावन कृपाल रुहानी मिशन आश्रम रविवार की शाम सात से आठ बजे तक सत्संग होता है। इस सत्संग में शामिल होने के लिए उनके साथ 13 अन्य लोग रविवार की दोपहर एक बजे चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। सत्संग समाप्त होने के बाद रात 10 बजे आश्रम से वे चंडीगढ़ को रवाना हुए और रास्ते में पानीपत के पास हादसा अंजाम हुआ।
रविवार को पूरा दिन नहीं सोया था चालक गोविंद
क्रूजर चालक गोविंद भक्तों को लेकर दिल्ली गया था और रविवार को पूरा दिन नहीं सोया था। पानीपत आते-आते उसे झपकी आने लगी। राधा स्वामी सत्संग भवन के पास गाड़ी को मोड़ते वक्त झपकी आ गई, ब्रेक की जगह पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया और वाहन अनियंत्रित हो गया।
कहीं टोल बचाने के चक्कर में तो नहीं लिया यूटर्न
सेक्टर-18 से मुड़कर टोल के आगे के रास्ते पर निकला जा सकता है। ऐसे में पुलिस ने ऐसी संभावना भी व्यक्त की है कि चालक टोल बचाने के चक्कर में यूटर्न लेकर सेक्टर-18 के रास्ते पर आया होगा।